अहमदाबाद: टी20 वर्ल्ड कप 2026 के फाइनल मुकाबले में भारतीय टीम न्यूजीलैंड के खिलाफ मैदान में उतरने के लिए तैयार है. अहमदाबाद में होने वाले इस बड़े मैच से पहले भारतीय टीम की प्लेइंग इलेवन को लेकर चर्चा तेज हो गई है. टूर्नामेंट में भारतीय टीम ने अच्छा प्रदर्शन किया, लेकिन अभिषेक शर्मा और वरुण चक्रवर्ती की फॉर्म चिंता का सबब बनी हुई है.
अभिषेक शर्मा और वरुण चक्रवर्ती का प्रदर्शन हाल के मैचों में उम्मीद के मुताबिक नहीं रहा है. ऐसे में फाइनल मुकाबले के लिए टीम संयोजन में बदलाव की संभावना जताई जा रही है.
रिपोर्ट के मुताबिक, अभ्यास सत्र के दौरान कुछ ऐसे संकेत मिले हैं कि टीम मैनेजमेंट कुलदीप यादव को प्लेइंग इलेवन में शामिल करने पर विचार कर सकता है. आमतौर पर अभ्यास के दौरान वरुण चक्रवर्ती सबसे पहले गेंदबाजी करते हुए नजर आते हैं, लेकिन इस बार वह मैदान पर गेंदबाजी करते नहीं दिखे और बैकग्राउंड में बैठे हुए दिखाई दिए. दूसरी ओर कुलदीप यादव ने लंबा गेंदबाजी अभ्यास किया और बल्लेबाजों को लगातार गेंदें डालते नजर आए.
अगर हाल के प्रदर्शन की बात करें तो वरुण चक्रवर्ती सुपर-8 चरण के बाद से काफी महंगे साबित हुए हैं. उन्होंने चार मैचों में कुल 16 ओवर गेंदबाजी की है और इस दौरान 11 से ज्यादा की इकॉनमी से रन दिए हैं. इन मैचों में उन्होंने 186 रन खर्च किए और सिर्फ चार विकेट ही हासिल कर पाए. उनका औसत भी 46 से ज्यादा का रहा है.
सेमीफाइनल मुकाबले में इंग्लैंड के खिलाफ वरुण चक्रवर्ती काफी महंगे साबित हुए. उस मैच में उन्होंने चार ओवर में 64 रन दे दिए थे, जो टी20 वर्ल्ड कप के इतिहास में किसी भी भारतीय गेंदबाज का सबसे महंगा स्पेल माना जा रहा है. हालांकि फाइनल जैसे बड़े मैच में बदलाव करना टीम के लिए जोखिम भरा भी हो सकता है. कुलदीप यादव को इस टूर्नामेंट में अभी तक सिर्फ एक मैच खेलने का मौका मिला है, जिसमें उन्होंने पाकिस्तान के खिलाफ स्पिन मददगार पिच पर तीन ओवर गेंदबाजी की थी.
फिर भी कुलदीप के अनुभव को नजरअंदाज नहीं किया जा सकता. वह पिछले टी20 वर्ल्ड कप जीतने वाली भारतीय टीम का हिस्सा रह चुके हैं और फाइनल मुकाबला भी खेल चुके हैं. ऐसे में अब देखना दिलचस्प होगा कि टीम मैनेजमेंट खिताबी मुकाबले के लिए किस संयोजन के साथ मैदान में उतरता है.