नई दिल्ली: आईसीसी मेन्स T20 वर्ल्ड कप 2026 का फाइनल मुकाबला आज यानी 8 मार्च को भारत और न्यूजीलैंड के बीच खेला जाएगा. यह बड़ा मैच अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी स्टेडियम में होगा. दोनों टीमें खिताब जीतने के इरादे से मैदान में उतरेंगी. मुकाबला भारतीय समयानुसार शाम 7 बजे शुरू होगा.
इस बड़े मुकाबले को लेकर सिर्फ भारत ही नहीं बल्कि पाकिस्तान में भी काफी चर्चा हो रही है. वहां के कई पूर्व क्रिकेटर मैच के नतीजे को लेकर अपनी-अपनी राय दे रहे हैं. इसी बीच पाकिस्तान के पूर्व तेज गेंदबाज मोहम्मद आमिर ने भी एक बार फिर फाइनल को लेकर भविष्यवाणी की है.
पाकिस्तान के एक चैनल के शो 'हंसना मना है' में होस्ट ताबिश हाशमी ने पूर्व क्रिकेटरों मोहम्मद आमिर, अहमद शहजाद और राशिद लतीफ से पूछा कि भारत और न्यूजीलैंड में से कौन सी टीम खिताब जीत सकती है? चर्चा के दौरान होस्ट ने यह भी बताया कि मैच के लिए मिक्स्ड सॉइल यानी हाइब्रिड पिच तैयार की जा रही है. ऐसे में टॉस जीतने वाली टीम पहले गेंदबाजी करने का फैसला कर सकती है और टॉस अहम भूमिका निभा सकता है.
जब होस्ट ने अलग-अलग परिस्थितियों के बारे में सवाल किया कि अगर भारत पहले बल्लेबाजी करे या पहले गेंदबाजी करे तो कौन जीतेगा, तब मोहम्मद आमिर ने दोनों ही स्थितियों में न्यूजीलैंड के जीतने की संभावना जताई.
वहीं, राशिद लतीफ और अहमद शहजाद ने भारत को मजबूत दावेदार बताया. मोहम्मद आमिर का कहना था कि दोनों टीमों की बल्लेबाजी लगभग बराबर है, लेकिन न्यूजीलैंड की गेंदबाजी इस समय ज्यादा मजबूत और बेहतर फॉर्म में नजर आ रही है. उनके मुताबिक, भारत की गेंदबाजी में फिलहाल सिर्फ जसप्रीत बुमराह ही शानदार लय में दिख रहे हैं.
इसी शो के सोशल मीडिया अकाउंट पर शेयर किए गए एक अन्य वीडियो में जब आमिर से फिर पूछा गया कि वर्ल्ड कप कौन जीतेगा, तो उन्होंने इस बार भारत के जीतने की भविष्यवाणी कर दी. गौरतलब है कि मोहम्मद आमिर इससे पहले भी अपनी भविष्यवाणियों को लेकर सोशल मीडिया पर ट्रोल हो चुके हैं.
उन्होंने पहले कहा था कि भारतीय टीम के लिए सेमीफाइनल तक पहुंचना मुश्किल होगा. बाद में जब भारत ने जीत दर्ज की तो आमिर ने कहा कि इंग्लैंड के पास मैच जीतने का मौका था, लेकिन एक अहम कैच छूटने से मैच का रुख बदल गया. उनके अनुसार, अगर हैरी ब्रूक संजू सैमसन का कैच पकड़ लेते, तो इंग्लैंड लक्ष्य हासिल कर सकता था.