West Bengal Assembly Election 2026 Assembly Election 2026

IND vs NZ: क्या फाइनल में नंबर-1 बल्लेबाज और गेंदबाज का कटेगा पत्ता? न्यूजीलैंड के खिलाफ कैसी होगी भारत की प्लेइंग-11

फाइनल मुकाबले से पहले भारत के लिए अभिषेक शर्मा और वरुण चक्रवर्ती की फॉर्म चिंता का सबब बनी हुई है. दोनों ही खिलाड़ी पिछले मैचों में उम्मीद के मुताबिक प्रदर्शन नहीं कर पाए हैं.

Anuj

नई दिल्ली: आईसीसी टी20 वर्ल्ड कप 2026 का फाइनल मुकाबला रविवार 8 मार्च को भारत और न्यूजीलैंड के बीच खेला जाएगा. दोनों टीमों ने शानदार प्रदर्शन करते हुए फाइनल में जगह बनाई है, लेकिन आंकड़े बताते हैं कि न्यूजीलैंड के खिलाफ टी20 वर्ल्ड कप में भारत का रिकॉर्ड अब तक अच्छा नहीं रहा है. 

टी20 वर्ल्ड कप के इतिहास में दोनों टीमों के बीच तीन मुकाबले खेले गए हैं और तीनों में न्यूजीलैंड ने जीत हासिल की है. हालांकि, ओवरऑल टी20 मुकाबलों की बात करें तो भारत का पलड़ा भारी है. दोनों देशों के बीच अब तक 30 टी20 मैच हुए हैं, जिनमें भारत ने 16 और न्यूजीलैंड ने 11 मुकाबले जीते हैं, जबकि तीन मैच टाई रहे हैं.

कप्तान सूर्या ने क्या हिंट दिया?

फाइनल मुकाबले से पहले भारत के लिए अभिषेक शर्मा और वरुण चक्रवर्ती की फॉर्म चिंता का सबब बनी हुई है. दोनों ही खिलाड़ी पिछले मैचों में उम्मीद के मुताबिक प्रदर्शन नहीं कर पाए हैं. ऐसे में कयास लगाए जा रहे है कि अभिषेक और वरुण को न्यूजीलैंड के खिलाफ प्लेइंग-11 से बाहर किया जा सकता है. लेकिन कप्तान सूर्यकुमार यादव के बयान से हिंट मिला है कि फाइनल में दोनों खिलाड़ी प्लेइंग-11 में शामिल हो सकते हैं. 

'फॉर्म को लेकर कोई चिंता नहीं है'

प्रेस कॉन्फ्रेंस में स्पिन गेंदबाज वरुण चक्रवर्ती के हालिया प्रदर्शन को लेकर भी सवाल पूछा गया. पिछले कुछ मैचों में उनका प्रदर्शन उम्मीद के मुताबिक नहीं रहा है. इस पर कप्तान सूर्यकुमार यादव ने कहा कि टीम को उनकी फॉर्म को लेकर कोई चिंता नहीं है. उन्होंने कहा कि जब टीम जीत रही होती है तो ज्यादा नहीं सोचते है.

वरुण ने लिए सबसे ज्यादा विकेट

स्पिन गेंदबाज वरुण चक्रवर्ती इस वर्ल्ड कप में भारत के लिए सबसे ज्यादा विकेट लिए हैं. उन्होंने 8 मैचों में 13 विकेट हासिल किए हैं. हालांकि, पिछले कुछ मुकाबलों में उनका प्रदर्शन थोड़ा साधारण रहा है. टीम के उपकप्तान अक्षर पटेल ने कहा कि टीम को वरुण की काबिलियत पर पूरा भरोसा है.

इरफान पठान ने किया समर्थन

उनके मुताबिक, बड़े मुकाबलों में मजबूत मानसिकता बहुत जरूरी होती है और वरुण के पास वह क्षमता है. वहीं, पूर्व भारतीय ऑलराउंडर इरफान पठान का मानना है कि फाइनल से पहले वरुण को मानसिक रूप से फ्रेश रखना जरूरी है. उन्होंने कहा कि ज्यादा प्रैक्टिस के बजाय खिलाड़ियों को आराम और सकारात्मक माहौल देना भी अहम होता है.

न्यूजीलैंड के खिलाफ वरुण चक्रवर्ती का रिकॉर्ड ज्यादा खास नहीं रहा है. उन्होंने अब तक चार टी20 मैचों में केवल चार विकेट लिए हैं. हालांकि, अहमदाबाद के इस मैदान पर उनका प्रदर्शन अच्छा रहा है. यहां खेले तीन मैचों में उन्होंने आठ विकेट हासिल किए हैं.

अभिषेक की खराब फॉर्म जारी

भारतीय ओपनर अभिषेक शर्मा का प्रदर्शन इस टूर्नामेंट में उम्मीद के मुताबिक नहीं रहा है. उन्होंने सात पारियों में सिर्फ 89 रन बनाए हैं.  सेमीफाइनल में भी वह बड़ी पारी खेलने में नाकाम रहे थे. हालांकि पूर्व स्पिनर हरभजन सिंह और विकेटकीपर बल्लेबाज संजू सैमसन ने उनका समर्थन किया है. उनका मानना है कि टी20 क्रिकेट में एक अच्छी पारी खिलाड़ी की फॉर्म बदल सकती है और फाइनल में अभिषेक बड़ा योगदान दे सकते हैं.

मोहम्मद कैफ ने क्या कहा?

मोहम्मद कैफ ने अपने यूट्यूब चैनल पर कहा कि अभिषेक शर्मा को फिलहाल आराम देने में कोई हर्ज नहीं होना चाहिए. उनके अनुसार, छोटे फॉर्मेट में बदलाव करना सामान्य बात है. कैफ ने उदाहरण देते हुए बताया कि वेस्टइंडीज ने भी ब्रैंडन किंग की खराब फॉर्म के चलते रोस्टन चेज को मौका दिया था. उन्होंने कहा कि भारत ने पहले भी संजू सैमसन को मौका देकर सही फैसला लिया और वह टीम के लिए फायदेमंद साबित हुआ.

भारत की संभावित प्लेइंग-11

अभिषेक शर्मा, संजू सैमसन (विकेटकीपर), ईशान किशन, सूर्यकुमार यादव (कप्तान), तिलक वर्मा, हार्दिक पंड्या, शिवम दुबे, अक्षर पटेल, जसप्रीत बुमराह, अर्शदीप सिंह, वरुण चक्रवर्ती या कुलदीप यादव