menu-icon
India Daily

'बड़े मैच से पहले घबराहट होना...', फाइनल से पहले कैसा है टीम का माहौल? कप्तान सूर्या ने खुलकर बताया

प्रेस कॉन्फ्रेंस में स्पिन गेंदबाज वरुण चक्रवर्ती के हालिया प्रदर्शन को लेकर भी सवाल पूछा गया. इस पर कप्तान सूर्यकुमार यादव ने कहा कि टीम को उनकी फॉर्म को लेकर कोई चिंता नहीं है.

Anuj
Edited By: Anuj
'बड़े मैच से पहले घबराहट होना...', फाइनल से पहले कैसा है टीम का माहौल? कप्तान सूर्या ने खुलकर बताया


नई दिल्ली: टी20 वर्ल्ड कप 2026 का फाइनल मुकाबला भारत और न्यूजीलैंड के बीच अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी स्टेडियम में खेला जाना है. इस बड़े मैच के शुरू होने में अब 24 घंटे से भी कम समय बचा है. मौजूदा चैंपियन भारतीय टीम ने इस टूर्नामेंट में अब तक शानदार प्रदर्शन किया है और फाइनल तक पहुंचने के दौरान उसे केवल एक मैच में हार मिली है.

फाइनल से एक दिन पहले आयोजित प्रेस कॉन्फ्रेंस में भारतीय कप्तान सूर्यकुमार यादव ने कई अहम सवालों के जवाब दिए. उन्होंने टीम के माहौल, खिलाड़ियों के आत्मविश्वास और गेंदबाजों की फॉर्म को लेकर अपनी बात रखी.

'फॉर्म को लेकर कोई चिंता नहीं है'

प्रेस कॉन्फ्रेंस में स्पिन गेंदबाज वरुण चक्रवर्ती के हालिया प्रदर्शन को लेकर भी सवाल पूछा गया. पिछले कुछ मैचों में उनका प्रदर्शन उम्मीद के मुताबिक नहीं रहा है. इस पर कप्तान सूर्यकुमार यादव ने कहा कि टीम को उनकी फॉर्म को लेकर कोई चिंता नहीं है. उन्होंने कहा कि जब टीम जीत रही होती है तो ज्यादा नहीं सोचते है.

फाइनल से पहले टीम का माहौल कैसा है?

फाइनल से पहले टीम के माहौल के बारे में बताते हुए सूर्यकुमार यादव ने कहा कि कैंप में माहौल काफी शांत और सकारात्मक है. सभी खिलाड़ी खुश हैं और बड़े मुकाबले को लेकर उत्साहित भी हैं. उन्होंने कहा कि वर्ल्ड कप का फाइनल खेलना हर खिलाड़ी के लिए खास पल होता है और टीम इस मौके का पूरा आनंद लेना चाहती है.

'घबराहट होना सामान्य बात है'

सूर्यकुमार यादव ने कहा कि भारत के लिए वर्ल्ड कप फाइनल में कप्तानी करना उनके लिए बहुत बड़ा सम्मान है. उन्होंने बताया कि लगभग छह साल पहले उन्होंने अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में डेब्यू किया था और अब देश की कप्तानी करते हुए फाइनल खेलना उनके और उनके परिवार के लिए गर्व की बात है. उन्होंने यह भी माना कि इतने बड़े मैच से पहले थोड़ी घबराहट होना सामान्य बात है, लेकिन टीम इसे लेकर ज्यादा दबाव नहीं ले रही है.

'ज्यादा सोचने की जरूरत नहीं'

भारतीय टीम में कई बाएं हाथ के बल्लेबाज हैं, जिसके कारण विरोधी टीमें अक्सर ऑफ स्पिन गेंदबाजों का ज्यादा इस्तेमाल करती हैं. इस दौरान विकेट भी गिरते हैं. इस सवाल पर सूर्यकुमार यादव ने कहा कि इस बारे में ज्यादा सोचने की जरूरत नहीं है. उन्होंने कहा कि अगर हम ऑफ स्पिनर्स के खिलाफ 120 के स्ट्राइक रेट के साथ फाइनल तक पहुंचे हैं तो मैं इसे खुशी-खुशी कबूल करूंगा.