menu-icon
India Daily

ENG vs PAK: पाकिस्तान को धूल चटाकर इंग्लैंड सेमीफाइनल में, कप्तान ने जड़ा टी-20 वर्ल्ड कप का यादगार शतक

हैरी ब्रूक के ऐतिहासिक शतक की बदौलत इंग्लैंड ने पाकिस्तान को 2 विकेट से हराकर टी20 वर्ल्ड कप 2026 के सेमीफाइनल में जगह बना ली है. ब्रूक टूर्नामेंट के इतिहास में शतक लगाने वाले पहले कप्तान बने हैं.

KanhaiyaaZee
ENG vs PAK: पाकिस्तान को धूल चटाकर इंग्लैंड सेमीफाइनल में, कप्तान ने जड़ा टी-20 वर्ल्ड कप का यादगार शतक
Courtesy: England beat Pakistan in super-8 Match

नई दिल्ली: टी20 वर्ल्ड कप 2026 के सुपर-8 मुकाबले में मंगलवार को एक ऐसा रोमांच देखने को मिला जिसने क्रिकेट प्रेमियों की सांसें थाम दीं. पाल्लेकल स्टेडियम में खेले गए इस निर्णायक मैच में हैरी ब्रूक की कप्तानी वाली इंग्लैंड की टीम ने पाकिस्तान को 2 विकेट से शिकस्त देकर सेमीफाइनल का टिकट हासिल कर लिया है. मैदान पर मचे इस घमासान में इंग्लैंड ने पाकिस्तान द्वारा दिए गए 165 रनों के लक्ष्य को 5 गेंद शेष रहते ही हासिल कर लिया. इस जीत के साथ ही इंग्लैंड ने टूर्नामेंट में अपनी दावेदारी और मजबूत कर ली है.

इंग्लैंड की इस जीत के सबसे बड़े शिल्पकार कप्तान हैरी ब्रूक रहे. जब लक्ष्य का पीछा करते हुए इंग्लैंड की टीम ताश के पत्तों की तरह बिखर रही थी और महज 58 रनों पर अपने 4 अहम विकेट गंवा चुकी थी, तब ब्रूक ने मोर्चा संभाला. ब्रूक ने केवल 51 गेंदों का सामना करते हुए 100 रनों की तूफानी पारी खेली, जिसमें 10 गगनचुंबी चौके और 4 कड़क छक्के शामिल थे. अपनी इस 'शतकीय गर्जना' के साथ ही ब्रूक टी20 वर्ल्ड कप के इतिहास में सेंचुरी लगाने वाले दुनिया के पहले कप्तान बन गए हैं.

साझेदारियों ने फूंकी लड़खड़ाती पारी में जान 

एक छोर पर विकेट गिर रहे थे, लेकिन ब्रूक ने संयम और आक्रामकता का अद्भुत संतुलन दिखाया. उन्होंने पांचवें विकेट के लिए सैम करन (16) के साथ 45 रनों की और फिर छठे विकेट के लिए विल जैक्स (28) के साथ 52 रनों की बहुमूल्य पार्टनरशिप की. हालांकि जोस बटलर (2), जैकब बेथेल (8) और फिल सॉल्ट (0) जैसे दिग्गज दहाई का आंकड़ा भी नहीं छू सके, लेकिन ब्रूक की प्रतिबद्धता ने मैच का पासा पलट दिया. अंत में जोफ्रा आर्चर ने 2 गेंदों में नाबाद 5 रन बनाए और चौका जड़कर टीम को जीत की दहलीज पार कराई.

पाकिस्तान की चुनौती और गेंदबाजी का संघर्ष 

इससे पहले टॉस जीतकर बल्लेबाजी करने उतरी पाकिस्तान की टीम ने निर्धारित 20 ओवरों में 9 विकेट खोकर 164 रन बनाए थे. सलामी बल्लेबाज साहिबजादा फरहान ने 45 गेंदों में 63 रनों (7 चौके, 2 छक्के) की संघर्षपूर्ण फिफ्टी ठोकी. बाबर आजम और फखर जमां ने 25-25 रनों का योगदान दिया, लेकिन टीम बड़ा स्कोर बनाने में विफल रही. गेंदबाजी में शाहीन अफरीदी ने 4 विकेट लेकर इंग्लैंड को मुश्किल में डाला, वहीं उस्मान तारिक और मोहम्मद नवाज को दो-दो सफलताएं मिलीं, लेकिन वे ब्रूक के तूफान को रोकने में नाकाम रहे.