T20 वर्ल्ड कपः टी20 वर्ल्ड कप 2026 के बीच टीम इंडिया को एक बार फिर बड़ा झटका लगा है. टीम के फिनिशर रिंकू सिंह ने जिम्बाब्वे के खिलाफ टीम के सुपर 8 मैच से पहले इंडिया कैंप छोड़ दिया है. बताया जा रहा है कि रिंकू अपने पिता की देखभाल के लिए घर लौट आए हैं, जिनकी हालत इस समय बहुत नाजुक है. मीडिया रिपोर्ट के मुताबिक, रिंकू के पिता वेंटिलेटर पर हैं और उन्हें ग्रेटर नोएडा के एक लोकल हॉस्पिटल में भर्ती कराया गया है.
मीडिया रिपोर्ट के मुताबिक, रिंकू सिंह को साउथ अफ्रीका के खिलाफ मैच से पहले मंगलवार को घर लौटना पड़ा है. उन्होंने चेन्नई में प्रैक्टिस सेशन में हिस्सा नहीं लिया. इससे यह साफ हो गया कि रिंकू अब जिम्बाब्वे के खिलाफ मैच में नहीं खेल पाएंगे. इसकी अभी पुष्टि नहीं हो पायी है कि रिंकू की वापसी कब होगी. रिंकू सिंह इस वर्ल्ड कप में अब तक सभी मैचों में टीम इंडिया का हिस्सा रहे हैं.
#ICCT20WorldCup | Rinku Singh didn't arrive for team practice in Chennai. He has gone back home for a family emergency: Sources
(File photo) pic.twitter.com/Rk9uzedyy4
— ANI (@ANI) February 24, 2026
उत्तर प्रदेश के अलीगढ़ में एक आम मजदूर परिवार से रिंकू आते हैं. वह पांच भाई-बहनों में तीसरे नंबर के बच्चे हैं. उनके पिता खानचंद सिंह LPG सिलेंडर डिलीवरीमैन के तौर पर काम करते थे, जबकि उनकी मां बीना देवी होममेकर हैं. पैसों की भारी तंगी से उबरते हुए IPL में रिंकू की सफलता ने उनके परिवार को 2024 में दो कमरों वाले वेयरहाउस क्वार्टर से वीणा पैलेस नाम के एक नए घर में शिफ्ट होने में मदद की.

Rinku Singh with mother and father X
रिंकू सिंह के पिता खानचंद सिंह उत्तर प्रदेश के अलीगढ़ में एक आम LPG सिलेंडर डिलीवरी मैन हैं. अपने बेटे की शोहरत के बावजूद, उन्होंने परिवार का गुज़ारा करने के लिए काम करना जारी रखा. 2025 में रिंकू ने अपने पिता को उनके त्याग के लिए शुक्रिया के तौर पर ₹5 लाख से ज्यादा कीमत की एक कावासाकी निंजा 400 स्पोर्टबाइक तोहफे में दी.
रिंकू सिंह को अब तक सभी पांच मैचों में खेलने का मौका दिया गया है, लेकिन इस दौरान उनका हाईएस्ट स्कोर 11 रन रहा है. इस वर्ल्ड कप में उनके स्कोर 6, 1, 11*, 6*, और 0 रहे हैं. उन्हें सभी मैचों में बैटिंग करने का मौका मिला, लेकिन वह किसी में भी बड़ी पारी नहीं खेल पाए. रिंकू के खराब परफॉर्मेंस को देखते हुए टीम में उनकी जगह पर लगातार सवाल उठ रहे थे. अगर रिंकू जिम्बाब्वे के खिलाफ मैच में नहीं खेलते हैं, तो यह देखना दिलचस्प होगा कि उनकी जगह कौन लेता है.
टीम इंडिया की बात करें तो सूर्यकुमार यादव की टीम ने ग्रुप स्टेज में लगातार चार मैच जीतकर सुपर 8 में जगह पक्की की थी. हालांकि, उन्हें अपने पहले ही सुपर 8 मैच में साउथ अफ्रीका से 76 रन से करारी हार मिली थी. अब, अगर टीम इंडिया को यहां से सेमीफाइनल में पहुंचना है, तो उन्हें अपने अगले दोनों मैच हर हाल में जीतने होंगे. जिम्बाब्वे के बाद टीम इंडिया का अगला मैच वेस्टइंडीज से होगा.