menu-icon
India Daily

'दिल तोड़ने में कोई परेशानी नहीं...', भारत के खिलाफ फाइनल से पहले न्यूजीलैंड के कप्तान ने खेला पैट कमिंस वाला 'माइंड गेम'?

फाइनल से पहले प्रेस कॉन्फ्रेंस में सेंटनर ने कहा कि उनकी टीम को फेवरिट नहीं माना जा रहा है, लेकिन इससे उन्हें फर्क नहीं पड़ता.

Anuj
Edited By: Anuj
'दिल तोड़ने में कोई परेशानी नहीं...', भारत के खिलाफ फाइनल से पहले न्यूजीलैंड के कप्तान ने खेला पैट कमिंस वाला 'माइंड गेम'?
Courtesy: @gaurav5pandey

नई दिल्ली: आईसीसी मेन्स टी20 वर्ल्ड कप 2026 का फाइनल मुकाबला 8 मार्च को भारत और न्यूजीलैंड के बीच खेला जाएगा. यह खिताबी मुकाबला अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी स्टेडियम में आयोजित होगा. मैच से पहले न्यूजीलैंड के कप्तान मिचेल सेंटनर ने बड़ा बयान देते हुए कहा कि ट्रॉफी जीतने के लिए भारतीय फैन्स के दिल भी तोड़ने पड़े तो उन्हें कोई परेशानी नहीं होगी.

सेंटनर का यह बयान फाइनल मुकाबले को लेकर उनकी टीम के आत्मविश्वास को दिखाता है. सेंटनर का बयान काफी हद तक ऑस्ट्रेलिया के कप्तान पैट कमिंस के उस बयान जैसा माना जा रहा है, जो उन्होंने 2023 के वनडे वर्ल्ड कप फाइनल से पहले दिया था. उस समय कमिंस ने कहा था कि वह नरेंद्र मोदी स्टेडियम में एकतरफा भीड़ को शांत करना चाहते हैं. उस मुकाबले में ऑस्ट्रेलिया ने भारत को हराकर विश्व कप का खिताब जीता था.

'टीम को फेवरिट नहीं माना जा रहा है'

फाइनल से पहले प्रेस कॉन्फ्रेंस में सेंटनर ने कहा कि उनकी टीम को फेवरिट नहीं माना जा रहा है, लेकिन इससे उन्हें फर्क नहीं पड़ता. उनका कहना है कि अगर खिलाड़ी छोटी-छोटी चीजों को सही तरीके से अंजाम दें तो हमारी टीम ट्रॉफी जीत सकती है. कप्तान हमें पता है कि हम शायद फेवरिट नहीं हैं, लेकिन हमें इससे फर्क नहीं पड़ता. अगर हम छोटी-छोटी चीजें सही तरीके से करें और टीम के रूप में अच्छा प्रदर्शन करें तो हम खुद को ट्रॉफी जीतने की स्थिति में ला सकते हैं. अगर इसके लिए कुछ दिल तोड़ने पड़ें तो भी हमें कोई दिक्कत नहीं है.'

'भारत पर ज्यादा दबाव होगा'

सेंटनर के मुताबिक, इस मुकाबले में दबाव भारत पर ज्यादा होगा क्योंकि टीम अपने घरेलू मैदान पर वर्ल्ड कप जीतने की कोशिश करेगी. उन्होंने कहा कि टी20 क्रिकेट में अक्सर छोटे-छोटे पल ही मैच का रुख बदल देते हैं. न्यूजीलैंड की टीम सेमीफाइनल में शानदार प्रदर्शन करते हुए फाइनल तक पहुंची है. कीवी टीम ने पूरे टूर्नामेंट में अजेय रही दक्षिण अफ्रीका को हराकर खिताबी मुकाबले में जगह बनाई. इस जीत के बाद टीम का आत्मविश्वास काफी बढ़ा हुआ है.

भारतीय टीम

सूर्यकुमार यादव (कप्तान), जसप्रीत बुमराह, वरुण चक्रवर्ती, शिवम दुबे, ईशान किशन, हार्दिक पंड्या, अक्षर पटेल, हर्षित राणा, संजू सैमसन, अभिषेक शर्मा, अर्शदीप सिंह, रिंकू सिंह, वॉशिंगटन सुंदर, तिलक वर्मा और कुलदीप यादव.

न्यूजीलैंड की टीम

मिचेल सेंटनर (कप्तान), फिन एलन, मार्क चैपमैन, डेवोन कॉन्वे, जैकब डफी, लॉकी फर्ग्यूसन, मैट हेनरी, काइल जेमिसन, डेरिल मिचेल, जिमी नीशम, ग्लेन फिलिप्स, रचिन रवींद्र, टिम सिफर्ट और ईश सोढ़ी.