T20 World Cup 2024: टी20 विश्व कप 2024 खत्म हो गया है. टीम इंडिया 17 साल बात चैंपियन बनी. फाइनल मुकाबला भारत और साउथ अफ्रीका के बीच खेला गया था, जिसमें टीम इंडिया ने 7 रनों से बाजी मारी. यह मुकाबला बेहद रोमांचक था, जिसमें सूर्यकुमार यादव का अद्भुत कैच 'टर्निंग प्वाइंट' बना. सूर्या ने आखिरी ओवर की पहली गेंद पर बाउंड्री लाइन पर हैरान करने वाला कैच लपककर खतरनाक बल्लेबाज डेविड मिलर को चलता किया था. यही वजह है कि टीम इंडिया की जीत से ज्यादा चर्चा सूर्या उस इस कैच की हो रही है. साउथ अफ्रीका के फैंस ने इस कैच पर सवाल खड़े किए थे, लेकिन इस बीच एक ऐसा वीडियो सामने आया है, जिसने सूर्या के मैच विनिंग कैच को लेकर मचे बवाल को खत्म कर दिया है.
नए वीडियो में दिखा एक दम क्लीन कैच
दरअसल, नए वीडियो में जो एंगल है, उसे देखकर पता चलता है कि सूर्या ने एकदम परफेक्ट कैच लिया था. आखिरी ओवर में साउथ अफ्रीका को जीत के लिए 16 रन चाहिए थे. क्रीज पर डेविड मिलर थे, जिन्होंने हार्दिक पांड्या की पहली ही गेंद पर लॉन्ग ऑन की तरफ छक्का लगाने के लिए बल्ला घुमाया, गेंद हवा में काफी उपर गई थी, एक वक्त तो लगा कि यह छक्का हो जाएगा, लेकिन बीच में सूर्यकुमार यादव आ गए. उन्होंने बाउंड्री लाइन पर यह कैच पकड़ लिया.
साउथ अफ्रीकी फैन ने उठाए थे सवाल
सूर्यकुमार यादव ने पहले कैच को अंदर की तरफ हवा में उछाला और फिर बाउंड्री से इस पार आते हुए कैच लपक लिया. साउथ अफ्रीकी फैन ने सवाल उठाए थे कि सूर्या ने जहां कैच पकड़ा, वहां बाउंड्री रोप को जानबूझकर थोड़ा पीछे किया था. जबकि कुछ वीडियो में ऐसा लग रहा था कि उनका पैर बाउंड्री रोप से थोड़ा टच हुआ, लेकिन अब इस कैच का जो नया एंगल सामने आया है, उसमें सूर्या का पैर बाउंड्री लाइन से काफी दूर है. जो बताता है कि यह कैच एक दम क्लीन था.
शॉन पोलक ने सही कैच करार दिया था
साउथ अफ्रीका के पूर्व खिलाड़ी शॉन पोलक ने भी सूर्याकुमार यादव के कैच को सही करार दिया था. उन्होंने कहा था 'सूर्यकुमार यादव ने जो कैच लिया वो पूरी तरह से सही था. बाउंड्री रोप मूव नहीं हुआ था, इसका सूर्या से कुछ लेना-देना नहीं है. वो उस पर खड़े नहीं हुए थे. उन्होंने बेहतरीन स्किल का नमूना पेश किया.'