T20 World Cup 2024: वेस्टइंडीज क्रिकेट टीम टी20 विश्व कप 2024 से बाहर हो चुकी है. सुपर 8 के आखिरी मैच में उसके पास साउथ अफ्रीका को हराकर सेमीफाइनल में जाने का मौका था, लेकिन विंडीज टीम बिखर गई. इस हार के साथ ही तूफानी खिलाड़ियों से सजी इस टीम का सफर खत्म हो गया है. साउथ अफ्रीका के खिलाफ पहले बैटिंग करते हुए वेस्टइंडीज ने 20 ओवरों में 8 विकेट खोकर 135 रन बनाए थे, बारिश के चलते अफ्रीका को 17 ओवरों में 123 रनों का टारगेट मिला और उसने 3 विकेट से जीत हासिल की.
साउथ अफ्रीका के खिलाफ वेस्टइंडीज के गेंदबाजों ने आखिर तक दम लगाया, लेकिन जीत नहीं सके, क्योंकि एंटीगा के सर विवियन रिचर्ड्स मैदान में खेले गए इस मैच में वेस्टइंडीज बल्लेबाजी में फ्लॉप रही. पूरे सीजन बढ़िया खेलने वाले निकोलस पूरन 1 रन ही बना पाए, जबकि शाई होप का खाता नहीं खुला. कप्तान पावेल भी 1 रन बना पाए. वहीं आंद्रे रसेल के बल्ले से 15 रन निकले. बाद में गेंदबाजों ने 7 विकेट लेकर दम तो दिखाया, लेकिन जीत अफ्रीका के खाते में गई. इस हार से कप्तान रोवमैन पॉवेल बेहद दुखी हैं.
'Now is where the work starts' #WIvSA #T20WorldCup pic.twitter.com/DGpgZpcLao
— ESPNcricinfo (@ESPNcricinfo) June 24, 2024Also Read
हार के बाद क्या बोले रोवमैन पॉवेल
वेस्टइंडीज के कप्तान रोवमैन पॉवेल ने मैच के बाद कहा 'अंत तक लड़ने के लिए लड़कों को श्रेय दिया जाना चाहिए. एक बल्लेबाजी समूह के रूप में यह एक ऐसा प्रदर्शन है, जिसे हम भूलना चाहते हैं, हमने बीच के ओवरों में अच्छी बल्लेबाजी नहीं की. हमने लगातार विकेट खोए और इससे हमेशा बल्लेबाजी करने वाली टीम की कमर टूट जाती है. यह एक सराहनीय प्रयास था, लड़कों का मानना था कि वे 135 रन का बचाव कर सकते हैं.'
हमने पिछले 12 महीने बढ़िया क्रिकेट खेला
रोवमैन पॉवेल ने कहा 'हमने विश्व कप नहीं जीता है या सेमीफाइनल में नहीं पहुंचे हैं, लेकिन हमने पिछले 12 महीनों में कुछ अच्छा क्रिकेट खेला है. वेस्टइंडीज क्रिकेट को लेकर समर्थकों के बीच फिर से चर्चा है और यह कुछ ऐसा है जो हम अपने साथ लेकर चलते हैं. हम वास्तव में विभिन्न स्थानों और सोशल मीडिया पर मिले समर्थन की सराहना करते हैं.
टी20 विश्व कप 2024 में वेस्टइंडीज का प्रदर्शन कैसा रहा?
वेस्टइंडीज ग्रुप स्टेज में ग्रुप सी में शामिल थी, जिसमें उसने चारों मैच जीते थे. इसके बाद टीम को सुपर 8 के लिए ग्रुप 2 में शामिल किया गया था, जिसमें विंडीज ने 3 में से अपने 2 मैच गंवा दिए. इसलिए वो सेमीफाइनल में जगह नहीं बना सकी. उसके पास आखिरी मैच में साउथ अफ्रीका को हराकर सुपर 4 में जाने का मौका था, लेकिन ऐसा हो नहीं सका.