menu-icon
India Daily

'एशिया कप में देशभक्ति कहां गई थी...', टी 20 वर्ल्ड कप में भारत के खिलाफ मैच के बॉयकॉट पर भड़के हरभजन सिंह, दी ये चेतावनी

पूर्व भारतीय स्पिनर हरभजन सिंह ने टी20 वर्ल्ड कप 2026 में भारत के खिलाफ मैच न खेलने के पाकिस्तान के फैसले को दिखावा बताया. उन्होंने इसे जनता को भ्रमित करने की कोशिश करार दिया.

Anuj
Edited By: Anuj
'एशिया कप में देशभक्ति कहां गई थी...', टी 20 वर्ल्ड कप में भारत के खिलाफ मैच के बॉयकॉट पर भड़के हरभजन सिंह, दी ये चेतावनी
Courtesy: Social Media

नई दिल्ली: आईसीसी मेंस टी20 वर्ल्ड कप 2026 से पहले भारत-पाकिस्तान मैच को लेकर विवाद गहराता जा रहा है. पाकिस्तान सरकार ने टूर्नामेंट में खेलने की सशर्त अनुमति दी, लेकिन भारत के खिलाफ मैदान में न उतरने का फैसला लिया. इस पर पूर्व भारतीय ऑफ स्पिनर हरभजन सिंह ने तीखी प्रतिक्रिया दी है. उन्होंने पाकिस्तान की नीति को लेकर सवाल उठाए हैं.

हरभजन सिंह ने अपने यूट्यूब चैनल पर पाकिस्तान के फैसले को अनावश्यक ड्रामा बताया. उन्होंने कहा कि टीम खेलने आएगी, लेकिन भारत के खिलाफ नहीं खेलेगी. इसमें कोई तर्क नहीं है. उनके मुताबिक, यह जनता को गुमराह करने और खुद को सही दिखाने की कोशिश है.

हरभजन सिंह की तीखी प्रतिक्रिया

हरभजन ने कहा कि पाकिस्तान यह दिखाना चाहता है कि वह बांग्लादेश के साथ खड़ा है. उन्होंने याद दिलाया कि आईसीसी में बांग्लादेश की मांग पर वोटिंग हुई थी, जिसमें 14–2 से प्रस्ताव खारिज हुआ. ऑस्ट्रेलिया, इंग्लैंड और दक्षिण अफ्रीका जैसे देश भी इसके खिलाफ थे.

'फैंस की भावनाओं को नजरअंदाज किया'

पूर्व स्पिनर ने सवाल उठाया कि पाकिस्तान ने अपने क्रिकेट प्रेमियों के बारे में क्यों नहीं सोचा. भारत–पाकिस्तान मैच देखने की चाह दोनों देशों में रहती है. हरभजन के अनुसार, सिर्फ राजनीतिक संदेश देने के लिए फैंस की भावनाओं को नजरअंदाज करना सही नहीं है.

एशिया कप का उदाहरण दिया

हरभजन ने एशिया कप का उदाहरण देते हुए कहा कि जब कमाई की बात आती है, तब मैच खेला जाता है. उन्होंने कहा कि अगर सच में नहीं खेलना था तो पहले भी मना किया जा सकता था. तटस्थ मैदान पर होने वाले मैच से पीछे हटना दोहरे मानदंड दिखाता है. उन्होंने पूछा कि पिछले साल खेले गए एशिया कप में तो देशभक्ति नहीं दिखाई. अगर इतने बड़े देशभक्त हो, तो वहां देशभक्ति कहां थी?

भविष्य की चेतावनी

हरभजन ने आशंका जताई कि पाकिस्तान पर प्रतिबंध भी लग सकते हैं. उन्होंने कहा कि आगे चलकर आईसीसी टूर्नामेंट की मेजबानी का मौका भी हाथ से जा सकता है. हरभजन ने तीखी चेतावनी के साथ अपनी बात समाप्त की. उन्होंने कहा कि देखते हैं कि क्या आप वास्तव में अपने फैसले पर कायम रहने का साहस रखते हैं या यह महज एक तुक्का था.

ICC ने क्या कहा?

पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड द्वारा पहले वेन्यू पर विवाद चल रहा था. पाकिस्तानी टीम भारत में मैच खेलने के लिए तैयार नहीं था, जिसके बाद वेन्यू में बदलाव किया गया. अब पाकिस्तान सरकार ने अपने क्रिकेट बोर्ड को इस टूर्नामेंट में हिस्सा लेने की इजाजत तो दे दी है लेकिन भारत के खिलाफ न उतरने का निर्देश दिया है. भारत और पाकिस्तान के बीच 15 फरवरी को कोलंबो में मुकाबला होना है.

जिसके लिए आईसीसी और पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड के बीच आधिकारिक बातचीत का इंतजार किया जा रहा है. आईसीसी ने अपने बयान में कहा कि राष्ट्रीय नीति के मामलों में सरकारों की भूमिका को समझते हुए और सम्मान करते हुए हमने उनकी बात को माना है लेकिन यह  ग्लोबल खेल आयोजन के मूल सिद्धांत के साथ मेल नहीं खाता है.