T20 World cup 2024: बीसीसीआई सचिव जय शाह ने बुधवार को राजकोट में एक कार्यक्रम में घोषणा की कि भारत टी20 विश्व कप 2024 कैरेबियाई और अमेरिका में रोहित शर्मा की कप्तानी में खेलेगा. हालांकि पिछले साल ऑस्ट्रेलिया के हाथों फाइनल में मिली हार के बाद हिटमैन की कप्तानी पर सवाल उठ रहे थे, लेकिन अब उनको कमान सौंपकर वर्ल्ड कप जीतने की रणनीति बनाई गई है.
असल में भारतीय टीम में रोहित शर्मा और विराट कोहली की टी20 वापसी ने चीजों को नाटकीय तरीके से बदला है. हार्दिक पांड्या की फिटनेस पर एक सवाल पहले ही हैं. ऐसे में रोहित को उनका अंतिम टी20 वर्ल्ड कप देकर नाम हासिल करने का एक बड़ा मौका देना समझ में आता है.
इसलिए जय शाह ने राजकोट में एक प्रोग्राम में अपने भाषण के अंत में कहा, "2023 में भले ही हम फाइनल हार गए, लेकिन 10 लगातार जीत के बाद भी हमने सबका दिल जीता. मैं आपसे वादा करता हूं कि 2024 में बारबाडोस (फाइनल का स्थान) में रोहित शर्मा की कप्तानी में हम भारत का झंडा गाड़ेंगे."
कार्यक्रम के दौरान सौराष्ट्र क्रिकेट एसोसिएशन स्टेडियम का नाम बदलकर दिग्गज क्रिकेट प्रशासक और पूर्व प्रथम श्रेणी क्रिकेटर निरंजन शाह के नाम पर रखा गया. इस समारोह में भारतीय मुख्य कोच राहुल द्रविड़, कप्तान रोहित शर्मा, रवींद्र जडेजा, मोहम्मद सिराज, अक्षर पटेल, कोचिंग स्टाफ के सदस्य और चयनकर्ताओं के अध्यक्ष अजीत अगरकर मौजूद थे.
इस अवसर पर भारतीय क्रिकेटर चेतेश्वर पुजारा, रवींद्र जडेजा और जयदेव उनादकट को भी सम्मानित किया गया. पूर्व भारतीय कप्तान अनिल कुंबले और सुनील गावस्कर ने भी हाल के वर्षों में सफलता प्राप्त करने वाले सौराष्ट्र के खिलाड़ियों को सम्मानित किया. गावस्कर ने निरंजन शाह को सौराष्ट्र के भाग्य को बदलने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाने का श्रेय दिया. 12 फर्स्ट क्लास मैच खेलने वाला ये खिलाड़ी दो बार के रणजी चैंपियन हैं.