IMD Weather

स्पेन से हारी पुर्तगाल, इंजरी टाइम में मेरिनो का गोल; क्वार्टर फाइनल में पहुंची टीम

फीफा विश्व कप 2026 के राउंड ऑफ 16 मुकाबले में स्पेन ने पुर्तगाल को 1-0 से हरा दिया. मैच के अंतिम क्षणों में मिकेल मेरिनो का गोल निर्णायक साबित हुआ. इस जीत के साथ स्पेन क्वार्टर फाइनल में पहुंच गई

X (@JacobsBen)
Shilpa Srivastava

नई दिल्ली: फीफा विश्व कप 2026 के राउंड ऑफ 16 मुकाबले में स्पेन ने पुर्तगाल को 1-0 से हरा दिया. मैच के अंतिम क्षणों में मिकेल मेरिनो का गोल निर्णायक साबित हुआ. इस जीत के साथ स्पेन क्वार्टर फाइनल में पहुंच गई, जबकि क्रिस्टियानो रोनाल्डो की पुर्तगाल का सफर खत्म हो गया. मैच की शुरुआत से ही दोनों टीमों ने आक्रामक खेल दिखाया. 

स्पेन के मिकेल ओयारजाबाल के पास गोल करने का अच्छा मौका था, लेकिन उनका शॉट लक्ष्य से बाहर चला गया. पुर्तगाल के गोलकीपर डियोगो कोस्टा ने एलेक्स बाएना के शॉट को शानदार बचाव से रोका.


स्पेन के डिफेंस के आगे रोनाल्डो का संघर्ष: 

पुर्तगाल ने भी लगातार दबाव बनाया. कप्तान क्रिस्टियानो रोनाल्डो ने कई अच्छे हमले किए, लेकिन स्पेन की डिफेंस मजबूत रही. नूनो मेंडेस का एक शॉट क्रॉसबार से टकराकर लौट आया. सेकेंड हाफ में दोनों टीमें सतर्क रहीं. ऐसा लग रहा था कि मैच एक्स्ट्रा टाइम में जाएगा, लेकिन 90+1वें मिनट में स्पेन ने मैच पलट दिया. फेरान टोरेस के शानदार पास पर मिकेल मेरिनो ने गोल कर स्पेन को 1-0 से आगे कर दिया. यही गोल अंत में निर्णायक साबित हुआ.

रोनाल्डो का विश्व कप सफर खत्म:

41 वर्षीय क्रिस्टियानो रोनाल्डो का यह आखिरी विश्व कप था. उन्होंने 27 मैचों में 11 गोल किए और लगातार 6 विश्व कप में गोल करने का रिकॉर्ड बनाया. लेकिन इस बार उनकी टीम आगे नहीं बढ़ सकी. स्पेन ने इस जीत के साथ विश्व कप इतिहास में लगातार 6 मैचों में क्लीन शीट रखने वाली पहली टीम बनने का रिकॉर्ड अपने नाम कर लिया. अब स्पेन क्वार्टर फाइनल में अमेरिका और बेल्जियम के बीच होने वाले मैच की विजेता टीम से भिड़ेगी.