गाय, बकरी और 'बीबी'... पहले छीनी पढ़ाई-नौकरी; अब महिलाओं की पहचान मिटाने पर उतरा तालिबान

अफगानिस्तान के बल्ख प्रांत में तालिबान अधिकारियों की ओर से कथित तौर पर सरकारी दस्तावेजों में महिलाओं के नाम लिखने पर रोक लगाने का निर्देश दिया गया है.

Pinterest
Reepu Kumari

Afghanistan Women Rights: अफगानिस्तान में महिलाओं की जिंदगी पहले ही कई तरह की पाबंदियों से घिरी हुई है. अब उत्तरी बल्ख प्रांत से एक ऐसा आदेश सामने आया है, जिसने महिला अधिकारों को लेकर नई चिंता पैदा कर दी है. रिपोर्टों के अनुसार, तालिबान अधिकारियों ने सरकारी दस्तावेजों में महिलाओं के नाम इस्तेमाल न करने का निर्देश दिया है. बताया जा रहा है कि इस दायरे में अस्पतालों के मेडिकल रिकॉर्ड और दवाओं के पर्चे भी शामिल हैं. 

नाम की जगह 'बीबी' लिखने का निर्देश

स्पेनिश अखबार 'एल पैस' की रिपोर्ट के मुताबिक, बल्ख में अस्पतालों और सरकारी विभागों के कर्मचारियों को महिलाओं के नाम इस्तेमाल न करने के लिए कहा गया है. स्वास्थ्यकर्मियों को महिला मरीजों के लिए 'बीबी' शब्द का इस्तेमाल करने का निर्देश दिए जाने की बात सामने आई है. इस शब्द का अर्थ दादी या बुजुर्ग महिला होता है. इससे महिलाओं की पहचान और सम्मान को लेकर गंभीर सवाल खड़े हो रहे हैं.

'बकरी' और 'गाय' कहे जाने का दावा

जर्मनी में रहने वाली अफगान महिला अधिकार कार्यकर्ता लाला उस्मानी ने 'एल पैस' को बताया कि महिलाओं, डॉक्टरों और नागरिक अधिकार कार्यकर्ताओं के बयानों के अनुसार, कुछ महिलाओं को 'बकरी' और 'गाय' जैसे अपमानजनक शब्दों से संबोधित किया जा रहा है. उन्होंने इसे महिलाओं को इंसान न समझने की व्यवस्थित प्रक्रिया बताया. एक अफगान कार्यकर्ता ने भी आदेश की पुष्टि की, हालांकि उसके मुताबिक अभी इस पर अमल नहीं हुआ है.


पूरे देश में फैल सकती है पाबंदी

महिला अधिकार संगठन फेमेना की अफगानिस्तान कार्यक्रम प्रमुख जुबैदा अकबर ने आशंका जताई है कि बल्ख में शुरू हुआ यह निर्देश आगे दूसरे प्रांतों में भी लागू हो सकता है. उन्होंने पहले के ऐसे मामलों का जिक्र किया, जब स्थानीय स्तर पर लागू पाबंदियों को बाद में पूरे देश में बढ़ा दिया गया था. 'एल पैस' के अनुसार, फेमेना महिलाओं के अधिकार सीमित करने वाले 144 से अधिक आदेशों का दस्तावेजीकरण कर चुका है.

पढ़ाई, नौकरी और इलाज के रास्ते भी बंद

2021 में तालिबान की सत्ता में वापसी के बाद लड़कियों की शिक्षा और महिलाओं के रोजगार पर कई प्रतिबंध लगाए गए. लड़कियों को 12 साल की उम्र के बाद पढ़ाई से रोक दिया गया है. कई प्रांतों में पुरुष डॉक्टरों के महिला मरीजों का इलाज करने पर रोक की खबरें भी आई हैं. दिसंबर 2024 में महिलाओं के मेडिकल क्षेत्रों में प्रशिक्षण लेने पर भी प्रतिबंध लगा दिया गया. यूनिसेफ ने चेताया है कि प्रशिक्षित महिला स्वास्थ्यकर्मियों की कमी बढ़ सकती है.