menu-icon
India Daily

स्मृति के निशाने पर 'HITMAN' का रिकॉर्ड, एक फिफ्टी और रच देंगी इतिहास

महिला एशिया कप 2026 में पाकिस्तान के खिलाफ स्मृति मंधाना की नजरें रोहित शर्मा के टी20 इंटरनेशनल रिकॉर्ड पर हैं. अर्धशतक लगाते ही वह हिटमैन को पीछे छोड़ देंगी और विराट कोहली के करीब पहुंच जाएंगी.

Meenu Singh
Edited By: Meenu Singh
स्मृति के निशाने पर 'HITMAN' का रिकॉर्ड, एक फिफ्टी और रच देंगी इतिहास
Courtesy: X (@BCCI)

भारत और पाकिस्तान की महिला टीमें शनिवार, 5 सितंबर को दुबई इंटरनेशनल क्रिकेट स्टेडियम में आमने-सामने होंगी. इस मुकाबले में स्मृति मंधाना पर खास नजर रहेगी. भारतीय ओपनर ने पिछले मैच में हांगकांग के खिलाफ 124 रन की शानदार पारी खेलकर अपनी फॉर्म का परिचय दिया था. अब पाकिस्तान के खिलाफ एक और अर्धशतक उन्हें T20 इंटरनेशनल में बड़ा रिकॉर्ड दिला सकता है. मंधाना इस मामले में रोहित शर्मा को पीछे छोड़ने से सिर्फ एक कदम दूर हैं.

रोहित शर्मा को पीछे छोड़ने का मौका

मंधाना ने हांगकांग के खिलाफ 64 गेंदों में 124 रन बनाए थे. उनकी पारी में 14 चौके और 7 छक्के शामिल थे. यह T20 इंटरनेशनल में उनका 37वां 50 प्लस स्कोर था. रोहित शर्मा ने भी अपने T20I करियर में 37 बार 50 से ज्यादा रन बनाए हैं. पाकिस्तान के खिलाफ अर्धशतक लगाते ही मंधाना इस आंकड़े को 38 तक पहुंचाकर रोहित से आगे निकल जाएंगी.

विराट कोहली अभी सबसे आगे

भारत के लिए T20 इंटरनेशनल में सबसे ज्यादा 50 प्लस स्कोर का रिकॉर्ड विराट कोहली के नाम है. उन्होंने 39 बार यह उपलब्धि हासिल की है. कोहली के नाम 38 अर्धशतक और एक शतक है. मंधाना के खाते में फिलहाल 37 फिफ्टी प्लस स्कोर हैं. अगर वह पाकिस्तान के खिलाफ पचास रन पूरे करती हैं तो कोहली से सिर्फ एक कदम पीछे रह जाएंगी.

मंधाना के आंकड़े भी शानदार

रोहित ने 159 टी20I मैचों में 32 अर्धशतक और 5 शतक लगाए थे. वहीं मंधाना 173 टी20I मुकाबलों में 35 अर्धशतक और 2 शतक जड़ चुकी हैं. इस सूची में सूर्यकुमार यादव के 29 और केएल राहुल के 24 फिफ्टी प्लस स्कोर हैं. महिला क्रिकेट में हरमनप्रीत कौर और शैफाली वर्मा दोनों के नाम 19-19 ऐसे स्कोर दर्ज हैं.

पाकिस्तान के खिलाफ मंधाना का रिकॉर्ड

पाकिस्तान के खिलाफ मंधाना ने 11 टी20I मैचों में 307 रन बनाए हैं. उनके नाम इस टीम के खिलाफ 2 अर्धशतक हैं. हालिया महिला टी20 वर्ल्ड कप में भी उन्होंने पाकिस्तान के खिलाफ 68 रन की शानदार पारी खेली थी. ऐसे में दुबई में होने वाले मुकाबले में उनसे एक और बड़ी पारी की उम्मीद होगी. अर्धशतक आते ही मंधाना के नाम रोहित शर्मा से जुड़ा बड़ा रिकॉर्ड हो जाएगा.

T20I में सबसे ज्यादा 50+ स्कोर बनाने वाले भारतीय

39 – विराट कोहली
37 – स्मृति मंधाना
37 – रोहित शर्मा
29 – सूर्यकुमार यादव
24 – केएल राहुल
19 – हरमनप्रीत कौर