menu-icon
India Daily

INDW VS PAKW: हमेशा एक कदम आगे रहे.. भारत-पाकिस्तान मैच से पहले दीप्ति शर्मा ने छेड़ दी जंग!

भारत की ऑलराउंडर दीप्ति शर्मा ने पाकिस्तान के खिलाफ महिला एशिया कप मुकाबले से पहले कहा कि उनकी टीम हाल के मैचों में बेहतर योजना और प्रदर्शन के कारण हमेशा एक कदम आगे रही है.

Ashutosh
Edited By: Ashutosh Rai
INDW VS PAKW: हमेशा एक कदम आगे रहे.. भारत-पाकिस्तान मैच से पहले दीप्ति शर्मा ने छेड़ दी जंग!
Courtesy: X

Women’s Asia Cup: दुबई में शनिवार को भारत और पाकिस्तान की महिला टीमों के बीच एशिया कप का मुकाबला होगा. भारत पहले ही सेमीफाइनल में पहुंच चुका है और शानदार फॉर्म में दिखाई दे रहा हैं. ऐसे में टीम पर दबाव कम रहेगा. मुकाबले से पहले दीप्ति शर्मा ने भारत की सफलता का कारण अपनी मजबूत रणनीति और टीमवर्क को बताया.

पाकिस्तान के खिलाफ अपनी ताकत पर भरोसा

इस मुकाबले से पहले दीप्ति शर्मा ने कहा कि पाकिस्तान के खिलाफ भारत को कोई खास मानसिक बढ़त नहीं मिली है, टीम ने बेहतर क्रिकेट खेलकर लगातार जीत हासिल की है. उन्होंने बताया कि पिछले मुकाबलों में भारतीय टीम अपनी योजना के अनुसार खेलती रही और विरोधी से एक कदम आगे रही. भारत महिला वनडे में पाकिस्तान के खिलाफ अब तक कभी नहीं हारा है. टी-20 इंटरनेशनल में भी पाकिस्तान को भारत के खिलाफ आखिरी जीत अक्टूबर 2022 में मिली थी. 2026 टी-20 वर्ल्ड कप में दोनों टीमों की भिड़ंत में भारत ने आसानी से जीत दर्ज की थी, जिसमें दीप्ति ने 10 रन देकर पांच विकेट लिए थे.

बल्लेबाजी और गेंदबाजी में टीम संतुलित

दीप्ति ने पाकिस्तान की टीम पर ज्यादा चर्चा करने के बजाय भारत की अपनी तैयारियों पर ध्यान देने की बात कही. उनका कहना है कि भारत की बल्लेबाजी और गेंदबाजी दोनों इकाइयां अच्छी तरह संतुलित हैं. टीम का लक्ष्य पिछले दो मैचों जैसी ही एकजुट होकर क्रिकेट खेलना है. भारत ने ग्रुप स्टेज में थाईलैंड और हांगकांग के खिलाफ शानदार जीत दर्ज की और अंक तालिका में शीर्ष स्थान हासिल किया. इस प्रदर्शन के कारण टीम पहले ही सेमीफाइनल में पहुंच चुकी है. अब भारत की कोशिश पाकिस्तान के खिलाफ भी अच्छी क्रिकेट खेलकर ग्रुप चरण का अंत जीत के साथ करने की होगी.

दीप्ति बनीं स्पिन गेंदबाजी की अगुआ

दीप्ति इस टूर्नामेंट में भारत की सबसे सफल गेंदबाजों में शामिल हैं. उन्होंने दो मैचों में छह विकेट लिए हैं. हालांकि भारतीय स्पिन आक्रमण सिर्फ उन पर निर्भर नहीं है. श्री चरणी और प्रेमा रावत ने भी अब तक छह विकेट लेकर टीम को मजबूती दी है. दीप्ति ने दोनों युवा गेंदबाजों की तारीफ करते हुए कहा कि वह अपना अनुभव उनके साथ साझा करती हैं. उन्होंने खास तौर पर चरणी को प्रतिभाशाली बताया और उनकी गेंद को घुमाने की क्षमता की तारीफ की. प्रेमा की भी उन्होंने सराहना की और बताया कि वह मौके मिलने पर विकेट लेने की सोच के साथ गेंदबाजी करती हैं.