menu-icon
India Daily

Asian Games 2026: एशियन गेम्स से पहले कंटेनर में रात गुजार रहे भारतीय खिलाड़ी, मेडल के लिए SAI ने की अनोखी तैयारी

जापान में होने वाले Asian Games में खिलाड़ियों के लिए पारंपरिक एथलीट्स विलेज नहीं होग. SAI ने पटियाला और बेंगलुरु में कंटेनर रूम तैयार किए हैं.

Ashutosh
Edited By: Ashutosh Rai
Asian Games 2026: एशियन गेम्स से पहले कंटेनर में रात गुजार रहे भारतीय खिलाड़ी, मेडल के लिए SAI ने की अनोखी तैयारी
Courtesy: X

Asian Games 2026: आइची-नागोया में 19 सितंबर से शुरू होने वाले एशियन गेम्स के लिए भारतीय खिलाड़ियों की तैयारी सिर्फ मैदान तक सीमित नहीं है. जापान में इस बार खिलाड़ियों के ठहरने की व्यवस्था अलग होगी. इसी को देखते हुए SAI ने कंटेनर रूम तैयार किए हैं, जहां एथलीट रात गुजारकर सीमित जगह में रहने की आदत डाल रहे हैं.

जापान जाने से पहले कंटेनर में रहने की ट्रेनिंग

Sports Authority of India ने खिलाड़ियों को जापान की अलग रहने की व्यवस्था के लिए पहले से तैयार करने का फैसला किया है. खिलाड़ी तय कार्यक्रम के अनुसार कंटेनर में रात बिताते हैं और अगले दिन अपनी सामान्य दिनचर्या के साथ ट्रेनिंग करते हैं. SAI अधिकारियों के मुताबिक करीब दो साल पहले साफ हो गया था कि जापान में पारंपरिक एथलीट्स विलेज नहीं बनाया जाएगा. इसलिए खिलाड़ियों को पहले ही उसी तरह के माहौल का अनुभव कराने की तैयारी शुरू की गई. मकसद यह है कि जापान पहुंचने के बाद छोटे कमरे या अलग सुविधाओं से खिलाड़ी परेशान न हों और उनका पूरा ध्यान खेल पर रहे.

तजिंदर और सीमा ने बताया कैसा रहा अनुभव

दो बार के एशियन गेम्स चैंपियन शॉटपुटर तजिंदरपाल सिंह तूर ने भी कंटेनर में रहकर अनुभव लिया. करीब 6 फीट 4 इंच लंबे तजिंदर के लिए जगह सीमित होने के बावजूद अनुभव अच्छा रहा. उन्होंने माना कि पहली नजर में कंटेनर छोटा लगता है, लेकिन अंदर जरूरी सुविधाएं मौजूद हैं. डिस्कस थ्रो की कॉमनवेल्थ गेम्स ब्रॉन्ज मेडलिस्ट सीमा कालीरामणा ने भी दो रातें यहां बिताईं. थ्रो खिलाड़ियों के उपकरण बड़े होने के कारण उन्हें शुरुआत में थोड़ी परेशानी हुई, लेकिन दूसरे दिन तक वह इस जगह के साथ सहज हो गईं. उनका मानना है कि बड़े मुकाबलों से पहले ऐसे छोटे बदलावों की आदत डालना जरूरी है.

13 मीटर के कंटेनर में घर जैसी सुविधाएं

SAI ने करीब 13 मीटर लंबे और तीन मीटर चौड़े कंटेनर को खिलाड़ियों के लिए उपयोगी तरीके से तैयार किया है. इसमें दोनों तरफ ट्विन-शेयरिंग बेडरूम, बीच में गैलरी, दो एसी, लॉन्ड्री एरिया, वॉशिंग मशीन और फ्रिज-सिंक वाली छोटी रसोई है. बाथरूम में वॉश बेसिन, टॉयलेट और शॉवर के लिए अलग जगह बनाई गई है. सामान रखने के लिए कैबिनेट और बेड के नीचे किट बैग रखने की जगह भी है. खास बात यह है कि ये कंटेनर कोविड के दौरान उपकरण रखने के काम आते थे. अब इन्हें ट्रेनिंग सिमुलेटर बनाया गया है और बाद में गेस्ट हाउस के तौर पर इस्तेमाल करने की योजना है. 28 अगस्त से शुरू हुई इस तैयारी में वहां अब तक करीब आठ खिलाड़ी रात गुजार चुके हैं.