menu-icon
India Daily

T20 World Cup 2026: शिमरन हेटमायर के तूफान में उड़ा जिम्बाब्वे का गेंदबाजी आक्रमण, अपना ही रिकॉर्ड तोड़कर रचा इतिहास

हेटमायर ने तूफानी पारी के साथ टी20 वर्ल्ड कप में वेस्टइंडीज के लिए सबसे तेज अर्धशतक बनाने का अपना ही रिकॉर्ड तोड़ दिया. इससे पहले उन्होंने स्कॉटलैंड के खिलाफ 22 गेंदों में पचासा लगाया था.

Anuj
Edited By: Anuj
T20 World Cup 2026: शिमरन हेटमायर के तूफान में उड़ा जिम्बाब्वे का गेंदबाजी आक्रमण, अपना ही रिकॉर्ड तोड़कर रचा इतिहास

मुंबई: आईसीसी टी20 वर्ल्ड कप 2026 के सुपर 8 चरण में वेस्टइंडीज के बल्लेबाज शिमरन हेटमायर ने विस्फोटक अंदाज में बल्लेबाजी की. मुंबई के वानखेड़े स्टेडियम में खेले गए मुकाबले में शिमरन हेटमायर ने सिर्फ 19 गेंदों में अर्धशतक पूरा कर दर्शकों को रोमांचित कर दिया. उनकी यह पारी न केवल टीम के लिए अहम रही बल्कि रिकॉर्ड बुक में भी दर्ज हो गई.

शिमरन हेटमायर ने वेस्टइंडीज की पारी के आठवें ओवर की पांचवीं गेंद पर छक्का जड़कर 50 रन पूरे किए. यह उनका मैच का पांचवां छक्का था. इससे पहले वे चार चौके भी लगा चुके थे. उनकी आक्रमक बल्लेबाजी ने जिम्बाब्वे के गेंदबाजों पर दबाव बना दिया.

अपना ही रिकॉर्ड तोड़ा

हेटमायर ने इस पारी के साथ टी20 वर्ल्ड कप में वेस्टइंडीज के लिए सबसे तेज अर्धशतक बनाने का अपना ही रिकॉर्ड तोड़ दिया. इससे पहले उन्होंने स्कॉटलैंड के खिलाफ 22 गेंदों में पचासा लगाया था. मुंबई के वानखेड़े स्टेडियम में उन्होंने 19 गेंदों में अर्धशतक बनाकर नया कीर्तिमान स्थापित किया. 

युवराज का विश्व रिकॉर्ड कायम

टी20 वर्ल्ड कप में सबसे तेज अर्धशतक बनाने का रिकॉर्ड अब भी भारत के युवराज सिंह के नाम है. उन्होंने साल 2007 में डरबन में इंग्लैंड के खिलाफ सिर्फ 12 गेंदों में पचासा जड़ा था. यह उपलब्धि आज भी अटूट है. युवराज के बाद नीदरलैंड के स्टीफन माईबर्ग और ऑस्ट्रेलिया के मार्कस स्टोइनिस का नाम आता है. दोनों ने 17 गेंदों में अर्धशतक जमाया था. 

शेमरॉन हेटमायर की तूफानी पारी

अर्धशतक पूरा करने के बाद भी शिमरन हेटमायर का तूफानी अंदाज थमता नजर नहीं आ रहा था और वह तेजी से टी20 विश्व कप इतिहास में एक यादगार शतक की ओर बढ़ रहे थे. हेटमायर ने मैदान के चारों ओर शानदार शॉट्स लगाए और विपक्षी गेंदबाजों पर लगातार दबाव बनाए रखा. उन्होंने मात्र 34 गेंदों का सामना करते हुए 7 छक्के और 7 चौकों की मदद से 85 रनों की विस्फोटक पारी खेली. हालांकि, वह अपने शतक से चूक गए.

वेस्टइंडीज ने बनाया विशाल स्कोर

हेटमायर भले ही शतक तक नहीं पहुंच सके, लेकिन तब तक वह अपना काम कर चुके थे. उन्होंने रोवमैन पॉवेल के साथ मिलकर शानदार शतकीय साझेदारी निभाई. दोनों बल्लेबाजों ने मिलकर 122 रनों की तेज साझेदारी की, जिसने वेस्टइंडीज को विशाल स्कोर की ओर पहुंचा दिया.

कैरिबियाई टीम की पकड़ मजबूत

इस आक्रामक साझेदारी ने मैच में वेस्टइंडीज की पकड़ मजबूत कर दी और विपक्षी टीम पर बड़ा लक्ष्य खड़ा करने की नींव रखी. हेटमायर की तेजतर्रार पारी ने दर्शकों का भरपूर मनोरंजन किया और टी20 प्रारूप में उनकी खतरनाक बल्लेबाजी क्षमता को फिर साबित कर दिया.