menu-icon
India Daily

0, 0, 0, 15...अभिषेक शर्मा के लगातार फ्लॉप होने से गौतम हुए 'अगंभीर', बस में तीखी बहस का वीडियो आया सामने

टी-20 वर्ल्ड कप 2026 के सुपर-8 राउंड में जिम्बाब्वे के खिलाफ होने वाले अहम मुकाबले से पहले चेन्नई पहुंची टीम इंडिया की बस से एक वीडियो वायरल हुआ है. इसमें मुख्य कोच गौतम गंभीर और लगातार फ्लॉप हो रहे युवा ओपनर अभिषेक शर्मा के बीच तीखी और गंभीर चर्चा देखी गई है.

KanhaiyaaZee
0, 0, 0, 15...अभिषेक शर्मा के लगातार फ्लॉप होने से गौतम हुए 'अगंभीर', बस में तीखी बहस का वीडियो आया सामने
Courtesy: x/@crictapish

नई दिल्ली: टी-20 वर्ल्ड कप 2026 के सुपर-8 राउंड में दक्षिण अफ्रीका के हाथों मिली 76 रनों की करारी शिकस्त के बाद टीम इंडिया के खेमे में हलचल तेज हो गई है. सोमवार को जब भारतीय टीम चेन्नई के एयरपोर्ट पर उतरी, तो सबकी निगाहें युवा ओपनर अभिषेक शर्मा पर टिकी थीं. लेकिन असली चर्चा एयरपोर्ट के बाहर खड़ी टीम बस के भीतर शुरू हुई. सोशल मीडिया पर वायरल हुए एक वीडियो ने क्रिकेट जगत में नई बहस छेड़ दी है, जिसमें मुख्य कोच गौतम गंभीर और अभिषेक शर्मा बस की अगली सीट पर बैठकर बेहद गंभीर मुद्रा में चर्चा करते नजर आ रहे हैं.

वायरल वीडियो में देखा जा सकता है कि टीम बस के रवाना होने से पहले गौतम गंभीर और अभिषेक शर्मा ड्राइवर के ठीक पीछे वाली सीट पर बैठे हैं. कोच गंभीर का बॉडी लैंग्वेज काफी सख्त दिख रहा है और वे कुछ तकनीकी बदलावों या रणनीतिक सुधारों को लेकर अभिषेक को समझा रहे हैं. टीम इंडिया के प्रशंसकों के लिए यह विमर्श इसलिए भी अहम है क्योंकि डिफेंडिंग चैंपियन भारत इस समय सुपर-8 की सेमीफाइनल रेस में पिछड़ता नजर आ रहा है और सलामी जोड़ी का फॉर्म चिंता का विषय बन चुका है.

'जीरो' की हैट्रिक और खराब फॉर्म

भारत के सबसे प्रतिभाशाली युवा खिलाड़ियों में से एक माने जाने वाले अभिषेक शर्मा के लिए यह टूर्नामेंट किसी दुःस्वप्न से कम नहीं रहा है. उनके आंकड़े उनकी विफलता की गवाही दे रहे हैं. ग्रुप मैचों में अमेरिका, पाकिस्तान और नीदरलैंड के खिलाफ वे अपना खाता तक नहीं खोल सके (0, 0, 0). दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ पिछले मुकाबले में उन्होंने एक चौका लगाकर अच्छी शुरुआत के संकेत जरूर दिए, लेकिन महज 15 रन बनाकर पवेलियन लौट गए. उनके इस खराब फॉर्म ने टीम के मिडिल ऑर्डर पर दबाव बढ़ा दिया है.

जिम्बाब्वे के खिलाफ 'करो या मरो' की जंग 

भारत को अब अपना अगला मुकाबला 26 फरवरी को चेन्नई के एमए चिदंबरम स्टेडियम में जिम्बाब्वे के खिलाफ खेलना है. सेमीफाइनल की उम्मीदों को जिंदा रखने के लिए यह मैच हर हाल में जीतना जरूरी है. ऐसे में गंभीर और अभिषेक के बीच हुई इस 'बस वार्ता' को एक अंतिम चेतावनी या सुधार के लिए दिए गए विशेष मार्गदर्शन के रूप में देखा जा रहा है. यदि अभिषेक इस मौके को नहीं भुना पाते हैं, तो टीम मैनेजमेंट को खिताबी दौड़ में बने रहने के लिए शीर्ष क्रम में बड़ा फेरबदल करने पर मजबूर होना पड़ सकता है.