टीम इंडिया ने जिम्बाब्वे को 4-1 से टी20 सीरीज हरा दी है. शुभमन गिल की कप्तानी वाली इस टीम ने पहले मैच में मिली हार के बाद जीत का सिलसिला ऐसा शुरू किया जो लगातार 4 मैचों तक जारी रहा. इस टूर्नामेंट के लिए भारतीय टीम की कोचिंग की जिम्मेदारी नेशनल क्रिकेट अकादमी (NCA) के हेड वीवीएस लक्ष्मण संभाल रहे थे. टीम नई थे, पुराना कोचिंग स्टाफ नहीं था लेकिन टीम इंडिया ने 'फील्डिंग मेडल' देने का रिवाज जारी रखा. BCCI ने अब इसका वीडियो शेयर किया है. इसी वीडियो में देखा गया कि रिंकू सिंह को स्टूल पर खड़ा करा दिया गया है. अब हर कोई यही सोच रहा है कि आखिर रिंकू के साथ कोच VVS लक्ष्मण और बाकी खिलाड़ियों ने ऐसा क्यों किया?
पिछले साल खेले गए वनडे वर्ल्ड कप में टीम इंडिया के फील्डिंग कोच रहे टी दिलीप ने फील्डिंग मेडल देने की शुरुआत की थी. मैच के बाद उस दिन के बेस्ट फील्डर को एक रोचक अंदाज में मेडल दिया जाता था. टी20 वर्ल्ड कप में यह रिवाज जारी रहा. ऐसे में जब टीम इंडिया जिम्बाब्वे पहुंची तब भी यह रिवाज जारी रहा. सीरीज जीतने के बाद स्पेशल प्रोग्राम रखा गया. बता दें कि इस सीरीज में टीम इंडिया के फील्डिंग कोच की जिम्मेदारी शुभदीप घोष ने निभाई.
सीरीज के आखिरी मैच के बाद शुभदीप घोष ने सबको एक वीडियो दिखाया. यह वीडियो मैसेज किसी और का नहीं बल्कि टी दिलीप का ही था, जिसमें उन्होंने टीम इंडिया को मैसेज दिया और फील्डिंग की अहमियत बताई. सीरीज के पांचवें मैच के बाद इस सीरीज के बेस्ट फील्डर के नाम का ऐलान किया. शुभदीप ने कहा कि ये खिलाड़ी जितनी बार यह खिलाड़ी मैदान पर उतरता है, हर बार नए मानक गढ़ देता है.
Straight from Harare! 📍
— BCCI (@BCCI) July 15, 2024
A special video message followed by the Fielding Medal 🏅 Ceremony!
Class, Smiles & Generosity All Around! ☺️
Subhadeep Ghosh 🤝 T Dilip#TeamIndia | #ZIMvIND | @VVSLaxman281 | @rinkusingh235 pic.twitter.com/GBrtU85kUF
नाम का ऐलान होते ही रिंकू सिंह अपने मस्तमौला अंदाज में सबका अभिवादन करते हुए आते हैं और वीवीएस लक्ष्मण से मेडल लेते हैं. इस दौरान बाकी खिलाड़ी 'स्पीच-स्पीच' का नारा लगाने लगते हैं. रिंकू इससे बचने की कोशिश भी करते हैं लेकिन रवि बिश्नोई ने उनके लिए एक स्टूल लाकर रख दिया कि इसी पर खड़े होकर भाषण दो. फिर वीवीएस लक्ष्मण ने भी उन्हें स्पीच देने को कहा.
रिंकू सिंह ने सबसे पहले यही कहा, 'पहले तो यही कि ये भी गॉड्स प्लान है. बहुत अच्छा लगा सबके साथ खेलकर. मेरी चौथी या पांचवीं सीरीज थी. ईमानदारी से कहूं तो मुझे बैटिंग से ज्यादा फील्डिंग पसंद है. बहुत मजा आता है, भागने में.' इसके बाद सभी साथी खिलाड़ियों ने रिंकू सिंह के जमकर मजे लिए. अब रिंकू का यह वीडियो वायरल हो रहा है.