menu-icon
India Daily

T20 World Cup 2026: पाकिस्तान का बंधा बोरिया बिस्तर, सेमीफाइनल की दौड़ से हुआ बाहर; रोमांचक मुकाबले में श्रीलंका को मिली हार

पाकिस्तान को अंतिम चार में पहुंचने के लिए सिर्फ जीत ही नहीं, बल्कि श्रीलंका को एक निश्चित स्कोर पर रोकना भी जरूरी था. अगर पाकिस्तानी गेंदबाज श्रीलंका टीम को 147 रन पर रोक देते, तो नेट रन रेट के आधार पर पाकिस्तान न्यूजीलैंड से आगे निकल सकता था.

Anuj
Edited By: Anuj
T20 World Cup 2026: पाकिस्तान का बंधा बोरिया बिस्तर, सेमीफाइनल की दौड़ से हुआ बाहर; रोमांचक मुकाबले में श्रीलंका को मिली हार

नई दिल्ली: आईसीसी टी20 विश्व कप 2026 में पाकिस्तान का सफर खत्म हो गया है. शनिवार को श्रीलंका और पाकिस्तान के बीच अहम मुकाबला खेला गया. इस मैच में पाकिस्तान ने श्रीलंका को 5 रन से हरा दिया है.पाकिस्तान ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 213 रनों का बड़ा लक्ष्य खड़ा किया, लेकिन मैच खत्म होने से पहले ही उसकी सेमीफाइनल में पहुंचने की उम्मीद समाप्त हो गई थी.

दरअसल, पाकिस्तान को अंतिम चार में पहुंचने के लिए सिर्फ जीत ही नहीं, बल्कि श्रीलंका को एक निश्चित स्कोर पर रोकना भी जरूरी था. अगर पाकिस्तानी गेंदबाज श्रीलंका टीम को 147 रन पर रोक देते, तो नेट रन रेट के आधार पर पाकिस्तान न्यूजीलैंड से आगे निकल सकता था. मगर श्रीलंका ने 16वें ओवर में ही 147 का आंकड़ा पार कर लिया और पाकिस्तान की टीम सेमीफाइनल की दौड़ से बाहर हो गई. 

 

फरहान-फखर की धमाकेदार शुरुआत

पहले बल्लेबाजी करते हुए पाकिस्तान की शुरुआत बेहद आक्रामक रही. सलामी बल्लेबाज साहिबजादा फरहान और फखर जमान ने शुरुआत से ही श्रीलंकाई गेंदबाजों पर दबाव बना दिया. दोनों बल्लेबाजों ने तेज रन गति से बल्लेबाजी की और मात्र 8 ओवर में टीम का स्कोर 78 रन तक पहुंचा दिया. इसके बाद भी दोनों की आक्रमक बल्लेबाजी जारी रही. साहिबजादा फरहान और फखर जमान ने पहले विकेट के लिए रिकॉर्डतोड़ 176 रनों की साझेदारी की. 

अंतिम ओवर में लगातार गिरे विकेट

पाकिस्तान को पहला झटका 16वें ओवर में लगा, जब फखर जमान 42 गेंदों पर 84 रन बनाकर आउट हो गए. इसके तुरंत बाद दूसरे छोर से नफे (2 रन) भी जल्दी आउट हो गए. कुछ ही देर में शादाब खान 7 रन बनाकर रन आउट हो गए. इससे पाकिस्तान की रफ्तार थोड़ी धीमी हुई, हालांकि फरहान एक छोर संभाले रहे.

फरहान का शानदार शतक

फरहान ने शानदार बल्लेबाजी करते हुए 59 गेंदों में अपना शतक पूरा किया. उन्होंने कुल 60 गेंदों में 100 रन बनाए, जिसमें 9 चौके और 5 छक्के शामिल थे. लेकिन अंतिम ओवरों में पाकिस्तान को लगातार झटके लगे. नवाज बिना खाता खोले आउट हो गए और आखिरी ओवर में फरहान भी पवेलियन लौट गए. निचले क्रम के बल्लेबाज ज्यादा योगदान नहीं दे सके. आखिरकार पाकिस्तान ने 20 ओवर में 8 विकेट पर 212 रन बनाए.

श्रीलंका की खराब शुरूआत

213 रनों के लक्ष्य का पीछे करने उतरी श्रीलंका की शुरुआत अच्छी नहीं रही. दूसरे ही ओवर में नसीम शाह ने श्रीलंका को पहला झटका दिया. इसके बाद 33 के स्कोर पर श्रीलंका का दूसरा विकेट गिर गया. चरिथ असलंका ने श्रीलंका के लिए अच्छी बल्लेबाजी की और टीम के स्कोर को 75 तक ले गए, लेकिन फिर अपना विकेट गंवा बैठे. फिर 94 के स्कोर पर श्रीलंका को चौथा और 101 के स्कोर पर 5वां झटका लगा. 

दसुन शनाका की तूफानी पारी

लेकिन इसके बाद दसुन शनाका और पवन रथनायके के बीच शानदार साझेदारी हुई. दोनों ने पाकिस्तानी गेंदबाजों की धज्जियां उड़ा दी. पवन ने शानदार फिफ्टी जड़ी और पवन ने 37 गेंद में 58 रनों की तूफानी पारी खेली. दसुन शनाका ने 31 गेंदों पर 76 रन बनाए. इस पारी में 8 छक्के और 2 चौके शामिल रहे.