मुंबई: बॉलीवुड एक्ट्रेस सोनल चौहान इन दिनों दुबई में फंस गई हैं और इस खबर ने सोशल मीडिया पर खूब सुर्खियां बटोरी हैं. मिडिल ईस्ट में इजराइल, अमेरिका और ईरान के बीच बढ़ते तनाव और मिसाइल हमलों के चलते दुबई के एयरपोर्ट पर सभी उड़ानें अचानक रोक दी गईं. DXB और अल मकतूम इंटरनेशनल एयरपोर्ट पर फ्लाइट ऑपरेशंस अगली सूचना तक सस्पेंड कर दिए गए, जिससे हजारों यात्री, जिसमें सोनल भी शामिल हैं, अटक गए.
सोनल चौहान, जो फिल्म 'जन्नत' से मशहूर हुईं, ने इंस्टाग्राम स्टोरी पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को टैग करते हुए मदद की गुहार लगाई. उन्होंने लिखा- 'माननीय पीएम @narendramodi जी, मैं अभी दुबई में चल रहे संकट के बीच फंसी हुई हूं. फ्लाइट्स कैंसिल हो गई हैं और भारत लौटने का कोई साफ रास्ता नहीं दिख रहा. मैं सरकार से गाइडेंस और सपोर्ट चाहती हूं ताकि सुरक्षित घर वापस जा सकूं. किसी भी मदद के लिए बहुत आभारी रहूंगी.' यह पोस्ट तेजी से वायरल हो रही है और फैंस उनकी सुरक्षा के लिए चिंतित हैं. यह सिर्फ सोनल की समस्या नहीं है.
Hon’ble PM @narendramodi ji,
— SONAL CHAUHAN (@sonalchauhan7) February 28, 2026
I am currently stranded in Dubai due to the ongoing crisis, with flights cancelled and no clear way to return to India. I respectfully seek the Government’s guidance for a safe journey home
Grateful for any support extended🙏🏻🇮🇳@MEAIndia @IndiainDubai
स्टार बैडमिंटन प्लेयर पीवी सिंधू भी दुबई एयरपोर्ट पर ही फंसी हुई हैं. वे ऑल इंग्लैंड ओपन के लिए बर्मिंघम जा रही थीं, लेकिन फ्लाइट्स रुकने से उनका प्लान बिगड़ गया. सिंधू ने भी सोशल मीडिया पर अपडेट शेयर किया कि वे सुरक्षित हैं, लेकिन स्थिति तनावपूर्ण है. इसके अलावा भारतीय पुरुष बास्केटबॉल टीम दोहा (कतर) में अटक गई है. वे FIBA वर्ल्ड कप क्वालिफायर्स के लिए वहां थे, लेकिन आगे की यात्रा रुक गई. मिडिल ईस्ट में यह सब इसलिए हुआ क्योंकि अमेरिका और इजराइल ने ईरान पर हमले किए, जिसके जवाब में ईरान ने मिसाइल दागे. इससे इजराइल, ईरान, इराक, कुवैत, बहरीन जैसे कई देशों का एयरस्पेस बंद हो गया.
दुबई जैसे बड़े हब एयरपोर्ट पर भी मिसाइलों के खतरे से फ्लाइट्स रोक दी गईं. कई एयरलाइंस ने उड़ानें कैंसिल कर दीं, जिससे पर्यटक, बिजनेसमैन और सेलेब्स सब प्रभावित हुए. सोनल चौहान की यह अपील दिखाती है कि ऐसे संकट में सेलेब्स भी आम लोगों की तरह मदद मांगते हैं. फैंस उम्मीद कर रहे हैं कि भारतीय सरकार और एमईए जल्द ही स्ट्रैंडेड भारतीयों के लिए इमरजेंसी फ्लाइट्स या दूसरा रास्ता निकाले. फिलहाल सोनल और बाकी लोग होटल या एयरपोर्ट पर सुरक्षित हैं, लेकिन घर लौटने की बेचैनी बढ़ रही है.