नई दिल्ली: अजीत अगरकर का टीम इंडिया के चीफ सेलेक्टर के तौर पर कार्यकाल खत्म हो गया है. अब भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड यानी BCCI ने इस पद के लिए नए उम्मीदवार की तलाश शुरू कर दी है. बोर्ड ने चीफ सेलेक्टर के पद के लिए आवेदन मंगाए हैं. इसी बीच भारतीय ऑलराउंडर रवींद्र जडेजा के एक मजेदार कमेंट ने क्रिकेट फैंस का ध्यान अपनी ओर खींच लिया.
दरअसल, BCCI ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर चीफ सेलेक्टर के पद के लिए आवेदन प्रक्रिया शुरू होने की जानकारी शेयर की थी. इस पोस्ट पर जडेजा ने कमेंट करते हुए लिखा- “What the procedure?” यानी आवेदन करने की प्रक्रिया क्या है? जडेजा का यह कमेंट भले ही मजाकिया अंदाज में था, लेकिन इसके बाद सोशल मीडिया पर उनके चीफ सेलेक्टर बनने की चर्चा शुरू हो गई.
@BCCI What the procedure?🤣
— Ravindrasinh jadeja (@imjadeja) October 7, 2026Also Read
इस कमेंट के बाद अब सवाल यह उठ रहा है कि क्या रवींद्र जडेजा वास्तव में BCCI के चीफ सेलेक्टर पद के लिए आवेदन कर सकते हैं? मौजूदा नियमों के मुताबिक ऐसा संभव नहीं है. चीफ सेलेक्टर बनने के लिए उम्मीदवार का सभी तरह के क्रिकेट से कम से कम 5 साल पहले संन्यास लेना जरूरी है. जडेजा ने 2024 टी20 वर्ल्ड कप के बाद टी20 इंटरनेशनल क्रिकेट से संन्यास लिया था, लेकिन वह अभी टेस्ट और वनडे क्रिकेट खेल रहे हैं. इसके अलावा वह IPL में भी सक्रिय हैं. इसलिए मौजूदा नियमों के तहत वह चयनकर्ता पद के लिए योग्य नहीं हैं.
अजीत अगरकर ने 2023 में टीम इंडिया की चयन समिति के प्रमुख की जिम्मेदारी संभाली थी. उनके कार्यकाल के दौरान भारतीय टीम ने कई बड़ी उपलब्धियां हासिल कीं. भारत ने टी20 वर्ल्ड कप 2024, चैंपियंस ट्रॉफी 2025 और टी20 वर्ल्ड कप 2026 अपने नाम किए. इसके अलावा टीम इंडिया 2023 वनडे वर्ल्ड कप के फाइनल तक पहुंची. इस दौरान भारत ने दो एशिया कप खिताब और दो एशियन गेम्स गोल्ड मेडल भी जीते.
अगरकर का कार्यकाल समाप्त होने के बाद BCCI ने उनके योगदान को याद किया और भविष्य के लिए शुभकामनाएं दीं. टीम इंडिया के हेड कोच गौतम गंभीर ने भी उनके लिए खास संदेश साझा किया. गंभीर ने अगरकर के कार्यकाल में जीते गए तीन ICC खिताबों का जिक्र करते हुए उनकी टीम को प्राथमिकता देने वाली सोच की तारीफ की.