menu-icon
India Daily

IPL 2027 Auction: रिटेंशन के बाद किसी के पास ₹47 करोड़, तो कोई हुआ कंगाल! जानें कौन-सी टीम सबसे अमीर और कौन सबसे गरीब

इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) 2027 के अगले सीजन की तैयारियां तेज हो गई हैं. सभी 10 फ्रेंचाइजी ने अपने रिटेन और रिलीज किए गए खिलाड़ियों की लिस्ट फाइनल कर दी है. भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (BCCI) ने मंगलवार को इसकी आधिकारिक घोषणा की.

Shilpa Shrivastava
IPL 2027 Auction: रिटेंशन के बाद किसी के पास ₹47 करोड़, तो कोई हुआ कंगाल! जानें कौन-सी टीम सबसे अमीर और कौन सबसे गरीब
Courtesy: X (@IPL)

नई दिल्ली: इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) 2027 के अगले सीजन की तैयारियां तेज हो गई हैं. सभी 10 फ्रेंचाइजी ने अपने रिटेन और रिलीज किए गए खिलाड़ियों की लिस्ट फाइनल कर दी है. भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (BCCI) ने मंगलवार को इसकी आधिकारिक घोषणा की. इस बार टीमों ने कुल 184 खिलाड़ियों को अपने साथ बनाए रखा है. इनमें 55 विदेशी खिलाड़ी शामिल हैं. अब अगले महीने होने वाली नीलामी में 66 खाली जगहों के लिए खिलाड़ियों पर बोली लगेगी.

रिटेंशन के लिए सभी टीमों ने 1,002.05 करोड़ रुपये खर्च किए हैं. इसके बाद उनके पास ऑक्शन के लिए 297.95 करोड़ रुपये बचे हैं. इन 66 खाली स्लॉट में 25 विदेशी खिलाड़ियों की जगह भी शामिल है. ऐसे में नीलामी के दौरान विदेशी खिलाड़ियों के लिए भी टीमों के बीच कड़ा कॉम्पेटीशन देखने को मिल सकता है. 

IPL 2027: सभी 10 टीमों का पूरा हिसाब

1. चेन्नई सुपर किंग्स (CSK)

चेन्नई ने ऋतुराज गायकवाड़, संजू सैमसन, शिवम दुबे, डेवाल्ड ब्रेविस, सरफराज खान और राहुल चाहर जैसे खिलाड़ियों को रिटेन किया है. टीम में नूर अहमद, अकील हुसैन और जेमी ओवरटन जैसे विदेशी खिलाड़ी भी बने हुए हैं. लियाम लिविंगस्टोन और जैक एडवर्ड्स ट्रेड के जरिए टीम में आए हैं. टीम ने एमएस धोनी, मैट हेनरी, आकाश मधवाल और कुलदीप यादव समेत कई खिलाड़ियों को रिलीज किया है. खलील अहमद और नाथन एलिस ट्रेड के जरिए बाहर हुए हैं.

  • कितनी रकम बची: 28.05 करोड़ रुपये 
  • खाली स्लॉट: 6 
  • विदेशी स्लॉट: 2

2. मुंबई इंडियंस (MI)

मुंबई इंडियंस ने रोहित शर्मा, सूर्यकुमार यादव, जसप्रीत बुमराह और तिलक वर्मा जैसे अपने प्रमुख खिलाड़ियों को बरकरार रखा है. रयान रिकेल्टन, क्विंटन डिकॉक, विल जैक्स और मिचेल सैंटनर भी टीम का हिस्सा हैं. अर्शदीप सिंह ट्रेड के जरिए मुंबई में आए हैं. टीम ने ट्रेंट बोल्ट, दीपक चाहर, मयंक मार्कंडे और महीपाल लोमरोर समेत कई खिलाड़ियों को रिलीज किया है. हार्दिक पंड्या भी ट्रेड के जरिए टीम से बाहर हुए हैं.

  • कितनी रकम बची: 32.60 करोड़ रुपये 

  • खाली स्लॉट: 9 

  • विदेशी स्लॉट: 2

3. दिल्ली कैपिटल्स (DC)

दिल्ली ने अक्षर पटेल, केएल राहुल, पृथ्वी शॉ, समीर रिजवी और आशुतोष शर्मा को रिटेन किया है. ट्रिस्टन स्टब्स और डेविड मिलर जैसे विदेशी खिलाड़ी भी टीम में बने हुए हैं. ऋषभ पंत और जीशान अंसारी ट्रेड के जरिए टीम में आए हैं. मिचेल स्टार्क, नीतीश राणा, बेन डकेट और करुण नायर समेत कई खिलाड़ियों को रिलीज किया गया है. टी नटराजन और कुलदीप यादव ट्रेड के जरिए बाहर हुए हैं.

  • कितनी रकम बची: 39.50 करोड़ रुपये 

  • खाली स्लॉट: 9 

  • विदेशी स्लॉट: 4

4. लखनऊ सुपर जायंट्स (LSG)

लखनऊ ने मिचेल मार्श, एडेन मार्करम, निकोलस पूरन और जोश इंग्लिस जैसे खिलाड़ियों को रिटेन किया है. आयुष बडोनी, अब्दुल समद, मोहसिन खान और मयंक यादव भी टीम में बने हुए हैं. सैम करन और कुलदीप यादव ट्रेड के जरिए टीम में आए हैं.

टीम ने आवेश खान, एनरिक नॉर्खिया और वानिंदु हसरंगा समेत कई खिलाड़ियों को रिलीज किया है. ऋषभ पंत और मोहम्मद शमी भी ट्रेड के जरिए बाहर हुए हैं.

  • कितनी रकम बची: 47.45 करोड़ रुपये 

  • खाली स्लॉट: 7 

  • विदेशी स्लॉट: 3

5. पंजाब किंग्स (PBKS)

पंजाब ने कप्तान श्रेयस अय्यर, प्रभसिमरन सिंह, शशांक सिंह और युजवेंद्र चहल को रिटेन किया है. मार्कस स्टोइनिस, मार्को यानसन और अजमतुल्लाह उमरजई जैसे विदेशी खिलाड़ी भी टीम में हैं. हार्दिक पंड्या ट्रेड के जरिए पंजाब में आए हैं. टीम ने नेहाल वढेरा, लॉकी फर्ग्यूसन और मिचेल ओवेन समेत कई खिलाड़ियों को रिलीज किया है. अर्शदीप सिंह भी ट्रेड के जरिए बाहर हुए हैं.

  • कितनी रकम बची: 18.60 करोड़ रुपये 

  • खाली स्लॉट: 6 

  • विदेशी स्लॉट: 2

6. राजस्थान रॉयल्स (RR)

राजस्थान ने रियान पराग, यशस्वी जायसवाल, वैभव सूर्यवंशी और ध्रुव जुरेल को रिटेन किया है. रवींद्र जडेजा, रवि बिश्नोई और जोफ्रा आर्चर भी टीम का हिस्सा हैं. मोहम्मद शमी और एम सिद्धार्थ ट्रेड के जरिए राजस्थान में आए हैं. टीम ने शिमरॉन हेटमायर, तुषार देशपांडे और कुलदीप सेन समेत कई खिलाड़ियों को रिलीज किया है. सैम करन भी ट्रेड के जरिए बाहर हुए हैं.

  • कितनी रकम बची: 27.05 करोड़ रुपये 

  • खाली स्लॉट: 6 

  • विदेशी स्लॉट: 3

7. सनराइजर्स हैदराबाद (SRH)

हैदराबाद ने पैट कमिंस, अभिषेक शर्मा, ईशान किशन और हेनरिक क्लासेन को रिटेन किया है. नीतीश कुमार रेड्डी और ब्रायडन कार्स भी टीम में बने हुए हैं. टी नटराजन, खलील अहमद और नाथन एलिस ट्रेड के जरिए टीम में आए हैं. टीम ने ट्रेविस हेड, कामिंदु मेंडिस और जयदेव उनादकट समेत कई खिलाड़ियों को रिलीज किया है. हर्षल पटेल और लियाम लिविंगस्टोन भी ट्रेड के जरिए बाहर हुए हैं.

  • कितनी रकम बची: 40.15 करोड़ रुपये 

  • खाली स्लॉट: 7 

  • विदेशी स्लॉट: 3

8. रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (RCB)

डिफेंडिंग चैंपियन बेंगलुरु ने विराट कोहली, रजत पाटीदार, फिल साल्ट और देवदत्त पडिक्कल को रिटेन किया है. जितेश शर्मा, टिम डेविड, क्रुणाल पंड्या और जोश हेजलवुड भी टीम में बने हुए हैं. RCB ने जैकब बेथेल, रिचर्ड ग्लीसन और स्वप्निल सिंह समेत छह खिलाड़ियों को रिलीज किया है.

  • कितनी रकम बची: 14.15 करोड़ रुपये 

  • खाली स्लॉट: 5 

  • विदेशी स्लॉट: 1

9. गुजरात टाइटंस (GT)

गुजरात ने शुभमन गिल, साई सुदर्शन, जोस बटलर और राशिद खान जैसे बड़े खिलाड़ियों को रिटेन किया है. ग्लेन फिलिप्स, वॉशिंगटन सुंदर, मोहम्मद सिराज और प्रसिद्ध कृष्णा भी टीम में बने हुए हैं. हर्षल पटेल ट्रेड के जरिए टीम में आए हैं. टीम ने शाहरुख खान, ल्यूक वुड और कुलवंत खेजरोलिया समेत कई खिलाड़ियों को रिलीज किया है.

  • कितनी रकम बची: 8.75 करोड़ रुपये 

  • खाली स्लॉट: 3 

  • विदेशी स्लॉट: 2

10. कोलकाता नाइट राइडर्स (KKR)

कोलकाता ने रिंकू सिंह, सुनील नरेन, वरुण चक्रवर्ती और हर्षित राणा को रिटेन किया है. कैमरन ग्रीन, फिन एलन, रोवमैन पॉवेल और टिम सीफर्ट भी टीम में बने हुए हैं. KKR ने अजिंक्य रहाणे, आकाश दीप, मथीशा पथिराना, रचिन रवींद्र और उमरान मलिक समेत कई खिलाड़ियों को रिलीज किया है.

  • कितनी रकम बची: 41.65 करोड़ रुपये 

  • खाली स्लॉट: 8 

  • विदेशी स्लॉट: 3

किस टीम के पास है सबसे ज्यादा पैसा?

IPL 2027 ऑक्शन से पहले लखनऊ सुपर जायंट्स सबसे अमीर टीम बनकर उभरी है. उसके पास सबसे ज्यादा 47.45 करोड़ रुपये का पर्स बचा है. कोलकाता नाइट राइडर्स 41.65 करोड़ रुपये के साथ दूसरे और सनराइजर्स हैदराबाद 40.15 करोड़ रुपये के साथ तीसरे नंबर पर है. वहीं, गुजरात टाइटंस के पास सबसे कम 8.75 करोड़ रुपये बचे हैं.