नई दिल्ली: रोहित शर्मा और विराट कोहली का नाम भारतीय क्रिकेट के सबसे बड़े खिलाड़ियों में लिया जाता है. दोनों दिग्गज भले ही अपने करियर के अंतिम पड़ाव की ओर बढ़ रहे हों, लेकिन उनकी फिटनेस, प्रदर्शन और खेल के प्रति समर्पण यह संकेत दे रहे हैं कि वे अभी भी बड़े मंच पर टीम इंडिया के लिए अहम भूमिका निभा सकते हैं. ऐसे में सबसे बड़ा सवाल यही है कि क्या ये दोनों स्टार बल्लेबाज 2027 वनडे विश्व कप में भी भारत की जर्सी में नजर आएंगे या नहीं?
साल 2027 में होने वाले वनडे विश्व कप तक विराट कोहली की उम्र 39 वर्ष और रोहित शर्मा की उम्र 40 वर्ष हो जाएगी. हालांकि उम्र के इस पड़ाव पर पहुंचने के बावजूद दोनों खिलाड़ियों के प्रदर्शन में कोई खास गिरावट देखने को नहीं मिली है. यही वजह है कि क्रिकेट जगत में लगातार इस बात पर चर्चा हो रही है कि क्या भारतीय चयनकर्ता आगामी विश्व कप के लिए इन दोनों अनुभवी खिलाड़ियों पर भरोसा बनाए रखेंगे.
इन्हीं चर्चाओं के बीच भारत के पूर्व दिग्गज स्पिनर रविचंद्रन अश्विन का मानना है कि रोहित और विराट का 2027 विश्व कप खेलना पूरी तरह संभव है. उन्होंने कहा कि अगर टीम प्रबंधन और चयनकर्ता दोनों खिलाड़ियों को विश्व कप की योजनाओं में शामिल रखना चाहते हैं, तो उनके अनुभव और क्षमता का पूरा फायदा उठाया जा सकता है.
अश्विन के अनुसार, किसी भी सीनियर खिलाड़ी के लंबे समय तक खेलने में सबसे बड़ी भूमिका उचित फिटनेस प्रबंधन की होती है. उन्होंने कहा कि अगर खिलाड़ियों की जरूरतों और शारीरिक स्थिति को ध्यान में रखते हुए एक स्पष्ट योजना बनाई जाए और उन्हें पोजिटिव सपोर्ट मिले, तो वे बड़े टूर्नामेंट तक अपनी सर्वश्रेष्ठ स्थिति में बने रह सकते हैं.
अश्विन ने यह भी कहा कि अगर टीम प्रबंधन की सोच बदलती है और खिलाड़ियों को यह महसूस होने लगे कि वे भविष्य की योजनाओं का हिस्सा नहीं हैं, तो उन पर अनावश्यक दबाव बन सकता है. ऐसी स्थिति में खिलाड़ियों के प्रदर्शन पर असर पड़ सकता है. खिलाड़ियों और मैनेजमेंट के बीच में स्पष्ट रूप से बातचीत होना जरूरी है.
आपकी जानकारी के लिए बता दें कि रोहित शर्मा लंबे समय के बाद भारतीय जर्सी में खेलते नजर आएंगे. जहां एक ओर रोहित 13 जून से अफगानिस्तान के खिलाफ तीन मैचों की वनडे सीरीज खेलते दिखेंगे तो वहीं दूसरी ओर विराट कोहली अपनी चोट के कारण इस पूरी सीरीज से बाहर हो चुके हैं. बोर्ड ने उनकी जगह यशस्वी जायसवाल को टीम में जगह दी है.