menu-icon
India Daily

ईंधन, सुरक्षा और खर्च... बिना दर्शकों के होगा PSL, युद्ध के बीच किस बात से घबराया पाकिस्तान?

मोहसिन नकवी ने कहा कि जब जनता से यात्रा कम करने को कहा जा रहा है, तब बड़े खेल आयोजन में भीड़ जुटाना सही नहीं होगा. इसलिए सभी मैच बंद दरवाजों के पीछे खेले जाएंगे.

Anuj
Edited By: Anuj
ईंधन, सुरक्षा और खर्च... बिना दर्शकों के होगा PSL, युद्ध के बीच किस बात से घबराया पाकिस्तान?

 नई दिल्ली: पाकिस्तान सुपर लीग (PSL) 2026 की शुरुआत 26 मार्च से होने जा रही है, लेकिन इस बार टूर्नामेंट का स्वरूप पूरी तरह बदला हुआ नजर आएगा. पश्चिम एशिया संघर्ष का असर और ईंधन संकट के चलते पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड (PCB) ने बड़ा फैसला लिया है. अब पूरे टूर्नामेंट को बिना दर्शकों के आयोजित किया जाएगा. इसके साथ ही मैचों की मेजबानी करने वाले शहरों की संख्या भी घटा दी गई है.

पाकिस्तान में ईंधन की भारी कमी

PCB अध्यक्ष मोहसिन नकवी ने बताया कि देश में तेल आपूर्ति बाधित होने के कारण ईंधन की भारी कमी हो गई है. सरकार ने नागरिकों से अनावश्यक यात्रा से बचने की अपील की है. ऐसे में स्टेडियम में हजारों दर्शकों की मौजूदगी हालात को और बिगाड़ सकती थी. इसी कारण यह कड़ा फैसला लिया गया है.

मैच बंद दरवाजों के पीछे खेले जाएंगे

यह फैसला अचानक नहीं लिया गया, बल्कि सुरक्षा एजेंसियों और संबंधित अधिकारियों से चर्चा के बाद ही इसे लागू किया गया. नकवी ने कहा कि जब जनता से यात्रा कम करने को कहा जा रहा है, तब बड़े खेल आयोजन में भीड़ जुटाना सही नहीं होगा. इसलिए सभी मैच बंद दरवाजों के पीछे खेले जाएंगे.

लाहौर और कराची तक सीमित हुआ टूर्नामेंट

पहले PSL 2026 को छह शहरों में आयोजित करने की योजना थी, जहां सभी टीमें घरेलू और बाहरी मैच खेलती. लेकिन अब इसे सिर्फ लाहौर और कराची तक सीमित कर दिया गया है. इसके अलावा लाहौर में होने वाला उद्घाटन समारोह भी रद्द कर दिया गया है ताकि खर्च और व्यवस्थाओं को नियंत्रित रखा जा सके.

वापस किए जाएंगे टिकट के पैसे

PCB ने यह भी साफ किया है कि जिन दर्शकों ने पहले से टिकट खरीदे हैं, उन्हें पूरा पैसा वापस किया जाएगा. और साथ ही फ्रेंचाइजी को भी खाली स्टेडियम से होने वाले नुकसान की भरपाई दी जाएगी. बोर्ड ने भरोसा दिलाया है कि हालात सामान्य होने पर भविष्य में फिर से पूरे स्तर पर आयोजन किया जाएगा.

PSL का शेड्यूल जारी

पाकिस्तान सुपर लीग (PSL) 2026 का शेड्यूल जारी हो गया है और इस बार टूर्नामेंट को लेकर कई अहम बदलाव देखने को मिलेंगे. 26 मार्च से शुरू होने वाली यह लीग 3 मई तक चलेगी, जिसमें कुल 44 मुकाबले खेले जाएंगे. इस सीजन की सबसे बड़ी खासियत यह है कि पहली बार आठ टीमें इसमें हिस्सा लेंगी

पॉइंट्स टेबल में शीर्ष चार स्थान पर रहने वाली टीमें प्लेऑफ के लिए क्वालीफाई करेंगी. टूर्नामेंट का फाइनल मुकाबला 3 मई को लाहौर के गद्दाफी स्टेडियम में खेला जाएगा. आयोजन समिति ने मौसम को ध्यान में रखते हुए फाइनल के लिए रिजर्व डे भी निर्धारित किया है, ताकि बारिश की स्थिति में मुकाबले को बिना बाधा पूरा कराया जा सके.