नई दिल्ली: पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड (PCB) के चेयरमैन मोहसिन नकवी ने एक बड़ा फैसला लिया है, जिससे पाकिस्तान सुपर लीग (PSL) एक बार फिर इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) के साथ टकराएगी.
नकवी ने न्यूयॉर्क में एक रोडशो के दौरान घोषणा की कि PSL का 11वां सीजन 26 मार्च से 3 मई 2026 तक चलेगा. यह समय IPL के पारंपरिक शेड्यूल से पूरी तरह ओवरलैप करता है क्योंकि IPL भी मार्च के आखिरी हफ्ते से मई के अंत तक चलता है.
यह दूसरा लगातार साल है जब PSL और IPL एक ही समय में होंगे. पिछले सीजन में भी ऐसा हुआ था क्योंकि पाकिस्तान चैंपियंस ट्रॉफी की मेजबानी कर रहा था. हालांकि, इस बार वजह अलग है.
2026 में फरवरी-मार्च में भारत और श्रीलंका में T20 वर्ल्ड कप होने वाला है, जो PSL का पुराना समय था. पहले नौ सीजन में PSL फरवरी-मार्च में ही खेली जाती थी. अब PCB को मजबूरी में मार्च-मई का विंडो चुनना पड़ा है.
नकवी ने यह भी बताया कि PSL में दो नई टीमों की नीलामी 8 जनवरी 2026 को होगी. इससे लीग आठ टीमों की हो जाएगी. PCB विदेशी निवेशकों को आकर्षित करने के लिए लंदन और न्यूयॉर्क जैसे शहरों में रोडशो कर रहा है.
IPL दुनिया की सबसे बड़ी और लोकप्रिय T20 लीग है, जहां सबसे ज्यादा दर्शक और पैसे हैं. इसके बाद भी PSL का IPL से टकराव PCB के लिए जोखिम भरा है लेकिन कुछ फायदे भी हैं.
IPL ऑक्शन में सिर्फ सीमित जगहें होती हैं इस बार 350 से ज्यादा खिलाड़ी ऑक्शन में हैं लेकिन केवल 77 जगहें खाली हैं. जो खिलाड़ी IPL में नहीं बिकते उन्हें PSL में मौका मिल सकता है.
दिलचस्प बात यह है कि कुछ बड़े विदेशी खिलाड़ी IPL को छोड़कर PSL को तरजीह दे रहे हैं. जैसे दक्षिण अफ्रीका के पूर्व कप्तान फाफ डु प्लेसिस, इंग्लैंड के मोईन अली और ऑस्ट्रेलिया के ग्लेन मैक्सवेल PSL में खेलने की तैयारी कर रहे हैं. उन्होंने IPL 2026 ऑक्शन के लिए रजिस्ट्रेशन नहीं कराया.