नई दिल्ली: टी20 वर्ल्ड कप 2026 में भारत और पाकिस्तान के बीच होने वाला बहुप्रतीक्षित मैच अब अपने तय कार्यक्रम के अनुसार ही खेला जाएगा. यह मैच 15 फरवरी को श्रीलंका के कोलंबो शहर में आयोजित होगा.
लंबे समय से इस मुकाबले को लेकर अनिश्चितता बनी हुई थी, लेकिन अब तस्वीर साफ हो गई है. क्रिकेट प्रशंसकों के लिए यह बड़ी राहत की खबर है, क्योंकि यह मैच टूर्नामेंट का सबसे ज्यादा चर्चा में रहने वाला मुकाबला माना जाता है.
एक रिपोर्ट के अनुसार, इस बात का आधिकारिक ऐलान जल्द हो जाएगा कि भारत-पाक मैच अब तय कार्यक्रम के अनुसार ही खेला जाएगा. इस पूरे मामले को सुलझाने के लिए रविवार को लाहौर में एक अहम त्रिपक्षीय बैठक हुई. इस बैठक में इंटरनेशनल क्रिकेट काउंसिल, पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड और बांग्लादेश क्रिकेट बोर्ड के वरिष्ठ अधिकारी शामिल हुए. कई घंटों तक चली इस मैराथन बैठक में सभी पहलुओं पर विस्तार से चर्चा की गई.
इससे पहले पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड ने अपनी सरकार की सलाह पर भारत के खिलाफ मैच नहीं खेलने की बात कही थी. लेकिन आईसीसी के कड़े रुख, बांग्लादेश की अपील और लगातार बातचीत के बाद पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड ने अपना रुख नरम किया. सूत्रों के मुताबिक, पाकिस्तान की कई मांगों को आईसीसी ने स्वीकार नहीं किया, जिसके बाद बहिष्कार का फैसला कमजोर पड़ गया.
भारत-पाकिस्तान मुकाबला न सिर्फ क्रिकेट बल्कि आर्थिक दृष्टि से भी बेहद अहम माना जाता है. इसके रद्द होने से आईसीसी और ब्रॉडकास्टर्स को बड़ा नुकसान हो सकता था. अब मैच तय समय पर होने से टूर्नामेंट की प्रतिष्ठा बनी रहेगी.
आईसीसी डिप्टी चेयरमैन इमरान ख्वाजा ने पीसीबी को सलाह दी कि वह विवाद को मध्यस्थता समिति या बोर्ड बैठक में उठाए. और साथ ही भारत मैच के बहिष्कार को तुरंत खत्म करने पर जोर दिया. उनका मानना है कि यह गतिरोध क्रिकेट के हित में नहीं है और इसके दूरगामी नतीजे हो सकते हैं.
पीसीबी सूत्रों के अनुसार, भारत के खिलाफ होने वाले मैच के बहिष्कार का फैसला बांग्लादेश के समर्थन में लिया गया था. पाकिस्तान सरकार बांग्लादेश के साथ एकजुटता दिखाना चाहती थी. इसी वजह से 15 फरवरी को प्रस्तावित मैच खेलने से टीम को रोका गया.