नई दिल्ली: बीसीसीआई ने आगामी क्रिकेट सीजन 2025-26 के लिए अपने नए सेंट्रल कॉन्ट्रैक्ट की घोषणा कर दी है. इस बार के कॉन्ट्रैक्ट में कई बड़े और चौंकाने वाले बदलाव देखने को मिले हैं.
खास तौर पर टीम इंडिया के दिग्गज खिलाड़ी विराट कोहली और रोहित शर्मा को बड़ा झटका लगा है. दोनों खिलाड़ियों को इस बार बीसीसीआई के सेंट्रल कॉन्ट्रैक्ट में नीचे की कैटेगरी में रखा गया है.
अब तक विराट कोहली और रोहित शर्मा बीसीसीआई की सबसे ऊंची A+ कैटेगरी का हिस्सा थे, लेकिन टी20 और टेस्ट क्रिकेट से संन्यास लेने के बाद उनकी स्थिति बदल गई है. नए कॉन्ट्रैक्ट के तहत दोनों खिलाड़ियों को B कैटेगरी में शामिल किया गया है. इससे साफ है कि बीसीसीआई अब खिलाड़ियों को उनके मौजूदा फॉर्मेट और उपलब्धता के आधार पर प्राथमिकता दे रहा है.
🚨 News 🚨
— BCCI (@BCCI) February 9, 2026
BCCI announces Annual Player Retainership for Team India Senior Men and Senior Women for the 2025-26 season#TeamIndia | Details 🔽https://t.co/Rd3pUCPRr9 pic.twitter.com/UNYRThs1kW
इस बार बीसीसीआई ने एक और बड़ा फैसला लेते हुए A+ कैटेगरी को पूरी तरह खत्म कर दिया है. दरअसल, यह कैटेगरी उन खिलाड़ियों के लिए होती थी, जो एक साथ टेस्ट, वनडे और टी20 तीनों फॉर्मेट खेलते थे. लेकिन मौजूदा समय में क्रिकेट का शेड्यूल इतना व्यस्त हो गया है कि कोई भी खिलाड़ी लगातार तीनों फॉर्मेट नहीं खेल पा रहा है. इसी वजह से बोर्ड ने A+ कैटेगरी को हटाने का फैसला लिया.
अब नए सेंट्रल कॉन्ट्रैक्ट में A कैटेगरी सबसे ऊंची मानी जाएगी. इस कैटेगरी में टीम इंडिया के मौजूदा टेस्ट और वनडे कप्तान शुभमन गिल, स्टार तेज गेंदबाज जसप्रीत बुमराह और अनुभवी ऑलराउंडर रवींद्र जडेजा को जगह दी गई है. बीसीसीआई का यह कदम भविष्य की टीम योजना और खिलाड़ियों के वर्कलोड को ध्यान में रखते हुए लिया गया माना जा रहा है.
सबसे ज्यादा चर्चा तेज गेंदबाज मोहम्मद शमी को लेकर हो रही है, जिन्हें इस बार सेंट्रल कॉन्ट्रैक्ट से बाहर कर दिया गया है. उन्होंने चैंपियंस ट्रॉफी 2025 के बाद कोई भी अंतरराष्ट्रीय मुकाबला नहीं खेला है. इसी कारण बीसीसीआई ने उन्हें इस सूची में शामिल नहीं किया.
इसके अलावा विकेटकीपर-बल्लेबाज ईशान किशन का नाम भी किसी भी ग्रेड में शामिल नहीं है. यह फैसला इसलिए हैरान करने वाला माना जा रहा है, क्योंकि ईशान टी20 वर्ल्ड कप टीम का हिस्सा है और न्यूजीलैंड के खिलाफ उनकी बल्लेबाजी भी काफी प्रभावशाली रही थी. इसके बावजूद बोर्ड ने उन्हें इस बार कॉन्ट्रैक्ट से बाहर रखा है.