एशियाई खेल 2026 में भारत और पाकिस्तान के बीच क्रिकेट मुकाबले को लेकर रोमांच अभी से बढ़ गया है. हालांकि, इस बार दोनों टीमों की राह सीधे आमने-सामने की नहीं है. 19 सितंबर से 4 अक्टूबर तक आइची-नागोया में होने वाले खेलों में दोनों टीमें ग्रुप स्टेज से बाहर रहेंगी और सीधे क्वार्टरफाइनल में उतरेंगी. ड्रॉ के मुताबिक भारत और पाकिस्तान अलग-अलग सेमीफाइनल खेलेंगे. ऐसे में उनकी भिड़ंत केवल पदक मुकाबले में ही संभव होगी.
भारत और पाकिस्तान को ग्रुप स्टेज में शामिल नहीं किया गया है. भारत क्वार्टरफाइनल 2 में उतरेगा, जबकि पाकिस्तान को क्वार्टरफाइनल 1 में जगह मिली है. शुरुआती ग्रुप ए में अफगानिस्तान, जापान और नेपाल हैं. ग्रुप बी में हांगकांग चीन, मलेशिया और ओमान शामिल हैं. श्रीलंका और बांग्लादेश भी सीधे अंतिम आठ में पहुंच चुके हैं.
ड्रॉ की सबसे खास बात यह है कि भारत और पाकिस्तान सेमीफाइनल में एक-दूसरे से नहीं भिड़ेंगे. भारत क्वार्टरफाइनल 2 जीतने के बाद क्वार्टरफाइनल 3 के विजेता से सेमीफाइनल खेलेगा. पाकिस्तान की राह भी अलग होगी. अगर दोनों टीमें अपने मुकाबले जीतती हैं, तो फाइनल में स्वर्ण पदक के लिए आमना-सामना होगा.
भारत-पाकिस्तान मुकाबला केवल स्वर्ण पदक तक सीमित नहीं है. अगर दोनों टीमें क्वार्टरफाइनल या उसके बाद के मुकाबलों में हारती हैं, तो कांस्य पदक के मैच में उनका सामना हो सकता है. वहीं, एक टीम जीतती है और दूसरी हार जाती है, तो बहुप्रतीक्षित मुकाबला देखने को नहीं मिलेगा. इसलिए दोनों टीमों के नतीजे इस संभावित टक्कर की तस्वीर तय करेंगे.
महिला वर्ग में भी भारत और पाकिस्तान सेमीफाइनल में एक-दूसरे के सामने नहीं आएंगे. भारत को शीर्ष वरीयता मिली है और क्वार्टरफाइनल में उसका सामना जापान से होगा. पाकिस्तान थाईलैंड के खिलाफ खेलेगा. भारत के सेमीफाइनल में पहुंचने पर मुकाबला बांग्लादेश या हांगकांग चीन से हो सकता है. पाकिस्तान की संभावित भिड़ंत श्रीलंका या मलेशिया से होगी. ऐसे में यहां भी दोनों की टक्कर केवल गोल्ड या ब्रॉन्ज मेडल मुकाबले में संभव है.