menu-icon
India Daily

जडेजा-कुलदीप के बीच चमकेंगे मानव सुथार, क्या बन पाएंगे गॉल की पिच पर टीम इंडिया का 'तुरुप का इक्का'?

भारत श्रीलंका टेस्ट सीरीज में श्रीलंकाई बल्लेबाजों के सामने भारतीय स्पिन आक्रमण की चुनौती होगी. गॉल की परिस्थितियों में मानव सुथार की ऊंची गेंद और उछाल टीम इंडिया के लिए निर्णायक साबित हो सकते हैं.

Meenu Singh
Edited By: Meenu Singh
जडेजा-कुलदीप के बीच चमकेंगे मानव सुथार, क्या बन पाएंगे गॉल की पिच पर टीम इंडिया का 'तुरुप का इक्का'?
Courtesy: X (@Vipintiwari952)

भारत और श्रीलंका के बीच टेस्ट सीरीज से पहले चर्चा मुख्य रूप से श्रीलंकाई स्पिन गेंदबाजों और भारतीय बल्लेबाजों की परीक्षा पर हो रही है. हालांकि, मुकाबले का दूसरा पहलू भी कम दिलचस्प नहीं है. भारतीय टीम के पास रविंद्र जडेजा और कुलदीप यादव के साथ युवा स्पिनर मानव सुथार जैसा विकल्प मौजूद है. गॉल की पिच पर सुथार की गेंदों से मिलने वाला अतिरिक्त उछाल श्रीलंकाई बल्लेबाजों के लिए परेशानी खड़ी कर सकता है. श्रीलंका के पूर्व खिलाड़ी फरवेज महरूफ भी इस संभावना को अहम मानते हैं. यहां पर उम्मीद जताई जा रही है कि मानव अपने सीनियर्स कुलदीप और जडेजा से ज्यादा किफायती साबित हो सकते हैं.

गॉल में तीन स्पिनरों के साथ उतर सकता है भारत

पहले टेस्ट के लिए भारतीय टीम के स्पिन विभाग में रविंद्र जडेजा और कुलदीप यादव का खेलना लगभग तय माना जा रहा है. तीसरे विकल्प के तौर पर मानव सुथार या सारांश जैन पर विचार हो सकता है. सुथार ने अब तक केवल एक टेस्ट खेला है, लेकिन उनकी गेंदबाजी में मिलने वाला उछाल उन्हें गॉल जैसी परिस्थितियों में उपयोगी बना सकता है. जिससे उम्मीद की जा रही है कि कप्तान उन्हें पहले मैच में ही खेलने का मौका दे सकते हैं. 

महरूफ ने बताई सुथार की खासियत

श्रीलंका के पूर्व ऑलराउंडर फरवेज महरूफ का मानना है कि सुथार को मौका मिल सकता है. उनके अनुसार श्रीलंकाई पिचों पर केवल गेंद का घूमना ही महत्वपूर्ण नहीं होता, बल्कि अतिरिक्त उछाल भी बल्लेबाजों को परेशान करता है. सुथार की लंबाई और गेंद छोड़ने की ऊंचाई उन्हें यह फायदा दे सकती है. इसी वजह से महरूफ उन्हें भारतीय टीम का प्रभावी विकल्प मानते हैं.

प्रभात जयसूर्या से हो रही तुलना

बता दें सीरीज शुरु होने से पहले सुथार की तुलना श्रीलंका के बाएं हाथ के स्पिनर प्रभात जयसूर्या से भी की जा रही है. जयसूर्या गॉल में 81 विकेट ले चुके हैं और उनकी सफलता में गेंद का उछाल अहम रहा है. सुथार भी बाएं हाथ से पारंपरिक स्पिन गेंदबाजी करते हैं और भारतीय स्पिन विकल्पों में लंबे कद के गेंदबाज हैं. यही समानता उन्हें खास बनाती है.

श्रीलंकाई बल्लेबाजों के सामने बड़ी चुनौती

भारतीय बल्लेबाजों के लिए श्रीलंका की स्पिन चुनौती चर्चा में है, लेकिन मेजबान बल्लेबाजों को भी भारत के स्पिन आक्रमण से निपटना होगा. जडेजा का अनुभव, कुलदीप की विविधता और सुथार का उछाल मिलकर भारत को मजबूत विकल्प दे सकते हैं. अब सबसे बड़ा सवाल यही है कि गॉल की परिस्थितियों में सुथार कितनी जल्दी खुद को ढालते हैं और क्या वह इस मौके को यादगार बना पाते हैं.