menu-icon
India Daily

छक्का मारते ही खत्म कहानी! नमन धीर ने T20I में बना दिया गजब का रिकॉर्ड

नमन धीर ने अपने शुरुआती तीन T20I मैचों में पांच विकेट लिए हैं. खास बात यह है कि उनके पांचों विकेट एक ही पैटर्न में आए. जिस बल्लेबाज ने नमन की गेंद पर छक्का लगाया, उसे उन्होंने अगली ही गेंद पर आउट कर दिया.

Km Jaya
Edited By: Km Jaya
छक्का मारते ही खत्म कहानी! नमन धीर ने T20I में बना दिया गजब का रिकॉर्ड
Courtesy: @AjayJadeja171 X Account

भारतीय टीम के ऑलराउंडर नमन धीर ने T20I क्रिकेट में अपने छोटे से करियर में एक ऐसा अनोखा पैटर्न बना दिया है, जिसने उन्हें चर्चा में ला दिया है. नमन धीर जब भी T20I में विकेट लेते हैं, उससे ठीक पहले बल्लेबाज ने उनके खिलाफ छक्का लगाया होता है. खास बात यह है कि छक्का लगाने वाले उसी बल्लेबाज को नमन अगली ही गेंद पर आउट कर देते हैं.

नमन धीर ने वेस्टइंडीज के खिलाफ T20 सीरीज से अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में डेब्यू किया. उन्होंने लखनऊ में खेले पहले T20I में तीन विकेट हासिल किए. इसके बाद रांची में हुए दूसरे मुकाबले में उन्हें कोई विकेट नहीं मिला. वहीं इंदौर में खेले तीसरे T20I में उन्होंने दो विकेट अपने नाम किए. इस तरह तीन मैचों में उनके नाम कुल पांच विकेट हो चुके हैं.

कैसे गंवा दिया अपना विकेट?

इन पांचों विकेटों में सबसे दिलचस्प बात यह है कि सभी का पैटर्न बिल्कुल एक जैसा रहा. नमन धीर ने जिस बल्लेबाज को आउट किया, उसने उससे ठीक पहले गेंद पर छक्का लगाया था. यानी बल्लेबाज ने पहले बड़ा शॉट खेलकर छह रन बटोरे और अगली ही गेंद पर अपना विकेट गंवा दिया.

पहले T20I में तीन बार दिखा यही पैटर्न

वेस्टइंडीज के खिलाफ लखनऊ T20I में शे होप ने 12वें ओवर की तीसरी गेंद पर नमन धीर के खिलाफ छक्का लगाया. इसके तुरंत बाद अगली गेंद पर नमन ने शे होप को आउट कर दिया. इसके बाद 14वें ओवर की पहली गेंद पर रोमारियो शेफर्ड ने छक्का जड़ा. नमन धीर ने अगली ही गेंद पर उन्हें पवेलियन भेज दिया. इसी मुकाबले में शमार स्प्रिंगर ने 16वें ओवर की चौथी गेंद पर छक्का लगाया, लेकिन अगली गेंद पर नमन धीर ने उनका विकेट भी हासिल कर लिया.

इंदौर में भी नहीं बदला नमन का अंदाज

तीसरे T20I में भी नमन धीर का यही अंदाज देखने को मिला. वेस्टइंडीज की पारी के सातवें ओवर की पांचवीं गेंद पर शिमरोन हेटमायर ने छक्का लगाया. नमन ने अगली ही गेंद पर हेटमायर को आउट कर दिया. इसके बाद 11वें ओवर की पांचवीं गेंद पर कामिल पूरन ने नमन धीर के खिलाफ छक्का लगाया. अगली गेंद पर नमन ने उनका विकेट लेकर अपना दूसरा शिकार पूरा कर लिया.

इस तरह T20I में नमन धीर के अब तक के सभी पांच विकेट एक ही पैटर्न से आए हैं. पहले बल्लेबाज ने छक्का लगाया और उसके तुरंत बाद नमन धीर ने उसी बल्लेबाज को आउट कर दिया. अगर यह सिलसिला आगे भी जारी रहता है, तो विरोधी बल्लेबाजों के लिए नमन धीर के खिलाफ छक्का लगाना बड़ा जोखिम साबित हो सकता है.