menu-icon
India Daily

5000 टी20 रन और विराट कोहली पीछे, तिलक वर्मा ने बनाया खास रिकॉर्ड; राहुल अब भी नंबर-1

तिलक वर्मा ने वेस्टइंडीज के खिलाफ दूसरे टी20 में 18 गेंदों पर नाबाद 44 रन बनाकर टी20 क्रिकेट में 5000 रन पूरे कर लिए. उन्होंने 166वीं पारी में यह उपलब्धि हासिल कर विराट कोहली को पीछे छोड़ दिया.

Km Jaya
Edited By: Km Jaya
5000 टी20 रन और विराट कोहली पीछे, तिलक वर्मा ने बनाया खास रिकॉर्ड; राहुल अब भी नंबर-1
Courtesy: @AshishRamini X Account

तिलक वर्मा ने वेस्टइंडीज के खिलाफ दूसरे टी20 मैच में शानदार नाबाद 44 रन की पारी खेलकर टीम इंडिया के स्कोर को 249 रन तक पहुंचाने में अहम भूमिका निभाई. इस पारी के साथ ही तिलक वर्मा ने टी20 क्रिकेट में 5000 रन पूरे कर लिए. खास बात यह रही कि उन्होंने यह उपलब्धि विराट कोहली से एक पारी कम में हासिल की और सबसे तेज 5000 टी20 रन बनाने वाले भारतीय बल्लेबाजों की टॉप-5 लिस्ट में जगह बना ली.

तिलक वर्मा ने अपने टी20 करियर में 175 मैचों की 166 पारियों में 41.57 की औसत और 145.36 के स्ट्राइक रेट से 5031 रन बनाए हैं. उन्होंने 166वीं पारी में 5000 रन का आंकड़ा पार किया. वहीं विराट कोहली ने यह उपलब्धि 167वीं पारी में हासिल की थी. इस तरह तिलक ने कोहली को पीछे छोड़ते हुए इस खास सूची में पांचवां स्थान हासिल कर लिया है.

केएल राहुल नंबर-1 पर

सबसे कम पारियों में 5000 टी20 रन पूरे करने वाले भारतीय बल्लेबाजों की लिस्ट में केएल राहुल नंबर-1 पर हैं. राहुल ने सिर्फ 143 पारियों में यह मुकाम हासिल किया था. टी20 क्रिकेट में राहुल के नाम फिलहाल 8718 रन दर्ज हैं. इस सूची में रुतुराज गायकवाड़ 145 पारियों के साथ दूसरे और शुभमन गिल 154 पारियों के साथ तीसरे स्थान पर हैं.

अभिषेक शर्मा का स्थान?

अभिषेक शर्मा ने 165 पारियों में 5000 टी20 रन पूरे किए थे और वह इस सूची में चौथे स्थान पर हैं. अब तिलक वर्मा 166 पारियों के साथ पांचवें स्थान पर आ गए हैं. यानी भारतीय क्रिकेट के इन युवा बल्लेबाजों ने बेहद कम पारियों में टी20 क्रिकेट में बड़ा मुकाम हासिल किया है.

हालांकि तिलक की शानदार पारी के बावजूद भारत को दूसरे टी20 में हार का सामना करना पड़ा. भारत ने पहले बल्लेबाजी करते हुए पांच विकेट पर 249 रन बनाए थे. इसके जवाब में वेस्टइंडीज ने कप्तान शाइ होप और शेरफान रदरफोर्ड की तूफानी पारियों के दम पर 18.3 ओवर में ही लक्ष्य हासिल कर लिया.

शाइ होप ने 45 गेंदों में नाबाद 102 रन बनाए. उनकी पारी में छह चौके और नौ छक्के शामिल रहे. वहीं शेरफान रदरफोर्ड ने 37 गेंदों में 84 रन की विस्फोटक पारी खेली. दोनों ने मिलकर भारत के गेंदबाजी आक्रमण पर जमकर हमला बोला और वेस्टइंडीज को छह विकेट से जीत दिलाई.

संजू सैमसन की शानदार बल्लेबाजी

भारत की ओर से संजू सैमसन ने भी शानदार बल्लेबाजी की. उन्होंने 21 गेंदों में अपना नौवां टी20 अर्धशतक पूरा किया और 82 रन की आक्रामक पारी खेली. सैमसन ने ईशान किशन के साथ 97 रन की साझेदारी की. ईशान ने 43 रन बनाए. इसके बाद श्रेयस अय्यर और तिलक वर्मा ने भी तेजी से रन बनाए. श्रेयस ने 18 गेंदों में 40 रन बनाए, जबकि तिलक ने सिर्फ 18 गेंदों में नाबाद 44 रन की पारी खेली.

दोनों ने 32 गेंदों में 83 रन की साझेदारी की. तिलक की इस पारी ने जहां भारत के स्कोर को मजबूत किया, वहीं उनके नाम एक बड़ा व्यक्तिगत रिकॉर्ड भी दर्ज हो गया. वेस्टइंडीज की इस जीत के साथ तीन मैचों की टी20 सीरीज 1-1 से बराबर हो गई है. भारत ने सीरीज का पहला मैच लखनऊ में आठ विकेट से जीता था. अब तीसरा मुकाबला निर्णायक बन गया है.