menu-icon
India Daily

मुंबई इंडियंस ने की चीटिंग? मिचेल सैंटनर के कंधे की चोट पर कैसे लिया कंक्शन, पूरे मामले पर कोच महेला जयवर्धने ने क्या कहा?

आईपीएल 2026 में मुंबई इंडियंस को चेन्नई सुपर किंग्स से 103 रनों की करारी हार मिली. मिचेल सैंटनर के कंधे की चोट को कंक्शन बताकर शार्दुल ठाकुर को रिप्लेसमेंट के रूप में उतारने पर टीम पर चीटिंग का आरोप लगा है. कोच महेला जयवर्धने ने सफाई दी है.

Kuldeep Sharma
Edited By: Kuldeep Sharma
मुंबई इंडियंस ने की चीटिंग? मिचेल सैंटनर के कंधे की चोट पर कैसे लिया कंक्शन, पूरे मामले पर कोच महेला जयवर्धने ने क्या कहा?
Courtesy: @Maina_Singhx77

आईपीएल 2026 के 33वें मैच में मुंबई इंडियंस की चेन्नई सुपर किंग्स के खिलाफ शर्मनाक हार ने टीम को एक बड़े विवाद में घसीट लिया है. पांच बार की चैंपियन मुंबई 208 रनों के लक्ष्य का पीछा करते हुए महज 104 रन पर सिमट गई. लेकिन मैच के दौरान मिचेल सैंटनर की चोट और उनके रिप्लेसमेंट को लेकर उठे सवाल अब सुर्खियों में हैं. कैच लेते समय कंधे में चोट लगने के बावजूद टीम ने कंक्शन सब्स्टीट्यूट का हवाला देकर शार्दुल ठाकुर को बल्लेबाजी के लिए भेजा, जिस पर चीटिंग के आरोप लग रहे हैं. कोच महेला जयवर्धने ने इस पर विस्तार से सफाई दी है.

मैच में हुई शर्मनाक हार

वानखेड़े स्टेडियम में खेले गए इस मुकाबले में चेन्नई सुपर किंग्स ने मुंबई इंडियंस को 103 रनों से हरा दिया. यह मुंबई की इस सीजन की पांचवीं हार थी. सैंटनर ने सीएसके की पारी के 17वें ओवर में एक शानदार कैच लिया, लेकिन गिरते समय चोटिल हो गए. उन्होंने मैच में 4 ओवर फेंके और 44 रन देकर सरफराज खान का विकेट लिया. हार के बाद टीम का प्रदर्शन और विवाद दोनों चर्चा का विषय बन गए.

सैंटनर की चोट और कंक्शन रिप्लेसमेंट

कैच लेने के दौरान सैंटनर का कंधा चोटिल हुआ, लेकिन टीम ने उन्हें कंक्शन सब्स्टीट्यूट के रूप में रिपोर्ट किया. मैच रेफरी और अंपायर की अनुमति से शार्दुल ठाकुर उनकी जगह बल्लेबाजी के लिए उतरे. सैंटनर चोट के बाद मैदान छोड़कर स्कैन के लिए गए. इस फैसले पर सोशल मीडिया पर काफी बहस छिड़ गई, क्योंकि चोट मुख्य रूप से कंधे की दिख रही थी.

कोच महेला जयवर्धने ने दी सफाई

मुंबई इंडियंस के हेड कोच महेला जयवर्धने ने मैच के बाद कहा कि सैंटनर का सिर पहले जमीन से टकराया, फिर गर्दन और कंधा लगा. वापस आने पर उन्हें चक्कर आ रहे थे और वे अस्थिर महसूस कर रहे थे. इसलिए स्कैन कराया गया और कंक्शन की मांग की गई. जयवर्धने ने मजाकिया अंदाज में कहा कि मिच को निराशा होगी कि उनकी बल्लेबाजी शार्दुल से तुलना की जा रही है.

यहां देखें वीडियो

शार्दुल ठाकुर का प्रदर्शन और विवाद

शार्दुल ठाकुर नंबर 8 पर बल्लेबाजी करते हुए सिर्फ 6 रन बना सके. वे ज्यादा असरदार नहीं साबित हुए। कोच ने बताया कि फैसला मैच रेफरी और अंपायर के विवेक पर था, जिन्होंने अनुमति दे दी. हालांकि कई लोग पूछ रहे हैं कि कंधे की चोट पर कंक्शन रिप्लेसमेंट कैसे लिया गया. टीम ने साफ किया कि सिर लगने से चक्कर की शिकायत थी.

टीम की उम्मीद और आगे का इंतजार

जयवर्धने ने उम्मीद जताई कि सैंटनर की चोट गंभीर नहीं होगी. जब वे वापस आएंगे तब उनकी स्थिति देखी जाएगी. मुंबई इंडियंस अब इस विवाद से उबरकर बाकी मैचों में वापसी करने की कोशिश करेगी. फिलहाल प्लेयर की सेहत सबसे महत्वपूर्ण है.