दलीप ट्रॉफी 2026 के पहले सेमीफाइनल में मोहम्मद शमी का प्रदर्शन एक बार फिर चर्चा में है. सेंट्रल जोन के खिलाफ ईस्ट जोन के लिए खेलते हुए अनुभवी तेज गेंदबाज ने दोनों पारियों में कुल छह विकेट अपने नाम किए. उनके साथ मुकेश कुमार ने भी शानदार गेंदबाजी की. सेंट्रल जोन की दूसरी पारी 158 रन पर खत्म होने के बाद ईस्ट जोन को जीत के लिए 159 रन मिले. लक्ष्य का पीछा करते हुए टीम 93/3 तक पहुंच चुकी है.
पहली पारी में शमी ने 16 ओवर में 42 रन देकर तीन विकेट हासिल किए. दूसरी पारी में भी उनका प्रदर्शन प्रभावी रहा और उन्होंने 16 ओवर में 56 रन खर्च करके तीन बल्लेबाजों को पवेलियन भेजा. इस तरह मैच में उनके नाम छह विकेट हो गए. लंबे समय से भारतीय टीम से बाहर चल रहे शमी ने घरेलू क्रिकेट में अपनी लय और फिटनेस का मजबूत संकेत दिया है.
मुकेश कुमार ने सेंट्रल जोन की दोनों पारियों में बेहतरीन गेंदबाजी की. पहली पारी में उन्होंने 16 ओवर में 56 रन देकर तीन विकेट लिए. दूसरी पारी में 12 ओवर में 44 रन खर्च करके चार विकेट झटके. इस प्रदर्शन के साथ मुकेश के खाते में सात विकेट हो गए. शमी और मुकेश ने मिलकर सेंट्रल जोन की पारी को लगातार दबाव में रखा.
सेंट्रल जोन ने पहली पारी में 266 रन बनाए थे, जिसमें रिंकू सिंह ने 60 रन जोड़े. जवाब में ईस्ट जोन ने भी 266 रन बनाकर स्कोर बराबर कर दिया. वैभव सूर्यवंशी ने 92 और अभिमन्यु ईश्वरन ने 69 रन बनाए. दूसरी पारी में सेंट्रल की बल्लेबाजी लड़खड़ा गई और टीम 158 रन पर सिमट गई. अमन मखौड़े ने सर्वाधिक 41 रन बनाए.
आर्टिकल लिखे जाने तक ईस्ट जोन ने 159 रन के लक्ष्य का पीछा करते हुए 26.3 ओवर में 93 रन बना लिए थे. टीम को जीत के लिए 66 रन और चाहिए थे. ईशान किशन और कुमार कुशाग्रा क्रीज पर मौजूद थे. इससे पहले दूसरी पारी में ईश्वरन ने 24, वैभव ने 40 और विराट सिंह ने 12 रन बनाए. अब ईस्ट जोन की नजर फाइनल में जगह पक्की करने पर है.