अफगानिस्तान सीरीज से ठीक पहले भारतीय टीम को एक बार फिर से तगड़ा झटका लग गया है. अभी तो स्टार ऑलराउंडर हार्दिक पांड्या के ठीक होने की खबर आई ही थी फैंस इस खुशी को एक दिन भी नहीं मना सके और एक बार फिर से उनके अनफिट होने की खबर सामने आ रही है. अब पंड्या की मैदान पर वापसी का इंतजार एक बार फिर बढ़ सकता है.
सेंटर ऑफ एक्सीलेंस में ट्रेनिंग के दौरान उनके पैर में हल्की चोट सामने आई है. वापसी के लिए लगातार मेहनत कर रहे हार्दिक को फिलहाल गेंदबाजी से दूरी बनाने की सलाह दी गई है. 13 सितंबर से शुरू होने वाली अफगानिस्तान के खिलाफ टी20 सीरीज से पहले फिटनेस हासिल करना अब उनके लिए बड़ी चुनौती बन गया है. अंतिम फैसला मेडिकल मंजूरी के बाद होगा.
हार्दिक ट्रेनिंग में अच्छी लय में नजर आ रहे थे और बल्लेबाजी या मूवमेंट को लेकर कोई बड़ी समस्या नहीं थी. हालांकि, पैर में परेशानी के बाद उनकी गेंदबाजी रोक दी गई है. उम्मीद है कि वह जल्द गेंदबाजी शुरू कर सकते हैं, लेकिन तीन मैचों की सीरीज के लिए जरूरी फिटनेस स्तर हासिल करना आसान नहीं होगा. CoE की मेडिकल टीम की मंजूरी मिलने के बाद ही चयन के लिए उनकी स्थिति स्पष्ट होगी.
अफगानिस्तान के खिलाफ टी20 सीरीज के लिए भारतीय टीम का ऐलान इसी सप्ताह होने की उम्मीद है. चयनकर्ता बैठक में खिलाड़ियों की फिटनेस रिपोर्ट पर भी चर्चा करेंगे. ऐसे समय में हार्दिक की चोट सामने आना उनके लिए बड़ा झटका है. अगर वह समय पर फिट नहीं होते, तो सीरीज से बाहर बैठना पड़ सकता है. दूसरी ओर नीतीश कुमार रेड्डी और वॉशिंगटन सुंदर की रिकवरी टीम के लिए राहत की खबर है.
हार्दिक ने 24 मई को IPL में मुंबई इंडियंस के लिए आखिरी प्रतिस्पर्धी मुकाबला खेला था. भारत के लिए उनका अंतिम मैच 8 मार्च को T20 वर्ल्ड कप फाइनल था. इसके बाद वह अफगानिस्तान के खिलाफ घरेलू व्हाइट-बॉल सीरीज के साथ आयरलैंड और इंग्लैंड दौरों से भी बाहर रहे. इससे पहले क्वाड्रिसेप्स में लो-ग्रेड स्प्रेन के कारण उनकी वापसी की योजना प्रभावित हुई थी.
अफगानिस्तान सीरीज से पहले चयनकर्ताओं के सामने हार्दिक के अलावा जसप्रीत बुमराह को लेकर भी सवाल है. बुमराह के तीनों टी20 मैच खेलने की स्थिति अभी साफ नहीं है. वहीं नीतीश और सुंदर के उपलब्ध होने की उम्मीद है. अब हार्दिक के मामले में नजर इस बात पर रहेगी कि वह कब दोबारा गेंदबाजी शुरू करते हैं और CoE से उन्हें फिटनेस की मंजूरी कब मिलती है. चयन के लिए समय काफी कम बचा है.