menu-icon
India Daily

IPL 2026: CSK को लगा बड़ा झटका! ये स्टार खिलाड़ी हुआ IPL से बाहर

चेन्नई सुपर किंग्स को आईपीएल 2026 के बीच एक तगड़ा झटका लगा है. टीम के होनहार ऑलराउंडर दाहिने पैर में फ्रैक्चर के कारण अब इस पूरे सीजन से पूरी तरह बाहर हो गए हैं.

Ashutosh
Edited By: Ashutosh Rai
IPL 2026: CSK को लगा बड़ा झटका! ये स्टार खिलाड़ी हुआ IPL से बाहर
Courtesy: X

इंडियन प्रीमियर लीग 2026 के रोमांचक सीजन के बीच पांच बार की चैंपियन चेन्नई सुपर किंग्स के लिए एक बेहद बुरी खबर सामने आई है. टीम के स्टार ऑलराउंडर 28 वर्षीय रामकृष्ण घोष चोट के कारण टूर्नामेंट के बाकी मैचों से बाहर हो गए हैं. सीएसके ने एक बयान जारी कर इसकी पुष्टि की है. इंजरी के कारण टीम को लगातार झटके लग रहे हैं. 

डेब्यू मैच में लगी चोट

रामकृष्ण घोष के लिए यह सीजन खुशियों और निराशा का मिला-जुला रूप निकला. शनिवार को ही चेन्नई के ऐतिहासिक चेपॉक स्टेडियम में मुंबई इंडियंस के खिलाफ अपना आईपीएल डेब्यू किया. इस हाई-वोल्टेज मुकाबले के दौरान गेंदबाजी करते समय उनके दाहिने पैर में फ्रैक्चर हो गया. बताया जा रहा कि चोट गंभीर है और वह इस सीजन में आगे हिस्सा नहीं ले पाएंगे. इस युवा खिलाड़ी ने अपने पहले मैच में सबको इंप्रेस किया था, लेकिन इस चोट ने सभी सपनों पर पानी फेर दिया. 

सूर्यकुमार यादव बने पहले शिकार

रामकृष्ण घोष का आईपीएल सफर चोट की वजह से बहुत छोटा रहा, लेकिन उन्होंने अपने प्रदर्शन से गहरी छाप छोड़ी. मुंबई इंडियंस के खिलाफ अपने डेब्यू मैच में उन्होंने बेहतरीन गेंदबाजी की. तीन ओवरों में 24 रन देकर मुंबई के सबसे खतरनाक बल्लेबाज सूर्यकुमार यादव का अहम विकेट अपने नाम किया था. उनका यह विकेट मैच का टर्निंग पॉइंट साबित हुआ था. इसी की बदौलत चेन्नई सुपर किंग्स ने मुंबई इंडियंस को आठ विकेट से करारी शिकस्त दी थी.

घरेलू क्रिकेट में रच चुके इतिहास

रामकृष्ण घोष का घरेलू क्रिकेट के मंच पर रिकॉर्ड बेहद शानदार रहा है. 28 साल के इस होनहार ऑलराउंडर को सीएसके ने 2025 की मेगा नीलामी में अपनी टीम से जोड़ा था और 2026 सीजन के लिए भी उन्हें रिटेन किया. पिछले साल विजय हजारे ट्रॉफी में उनका प्रदर्शन ऐतिहासिक रहा था. जयपुर में हिमाचल प्रदेश के खिलाफ खेलते हुए उन्होंने एक ही मैच में सात विकेट चटकाकर क्रिकेट जगत में सनसनी मचा दी थी. इस टूर्नामेंट में सात या उससे ज्यादा विकेट लेने वाले केवल 12वें गेंदबाज बन गए थे.

चेन्नई सुपर किंग्स की मौजूदा स्थिति

आईपीएल 2026 में चेन्नई सुपर किंग्स का सफर अब तक काफी उतार-चढ़ाव भरा रहा है. रामकृष्ण घोष की इस अचानक आई चोट ने कप्तान और टीम की चिंताएं जरूर बढ़ा दी हैं. अंक तालिका में सीएसके की टीम नौ मैच खेलने के बाद आठ अंकों के साथ छठे स्थान पर मौजूद है.

Topics