नई दिल्ली: आईपीएल 2026 के एक बेहद रोमांचक मुकाबले में कोलकाता नाइट राइडर्स (केकेआर) ने रविवार को सनराइजर्स हैदराबाद (एसआरएच) के विजय रथ पर ब्रेक लगा दिया. अजिंक्य रहाणे की कप्तानी में केकेआर ने न केवल 8 विकेट से शानदार जीत दर्ज की, बल्कि इस सीजन में एसआरएच के हाथों मिली पिछली 65 रनों की हार का हिसाब भी उनके घर में घुसकर चुकता कर लिया. इस जीत के साथ केकेआर ने प्लेऑफ की अपनी उम्मीदों को जिंदा रखा है.
166 रनों के लक्ष्य का पीछा करने उतरी कोलकाता की टीम को फिन एलन (29) और कप्तान अजिंक्य रहाणे (43) ने ताबड़तोड़ शुरुआत दिलाई. एलन ने अपनी पारी में तीन चौके और दो छक्के लगाए, लेकिन चौथे ओवर में वह पैट कमिंस का शिकार बन गए. इसके बाद क्रीज पर आए युवा अंगकृष रघुवंशी ने रहाणे के साथ मिलकर एसआरएच के गेंदबाजों को बैकफुट पर धकेल दिया. दोनों के बीच दूसरे विकेट के लिए 84 रनों की मैच जिताऊ साझेदारी हुई. रघुवंशी ने 47 गेंदों पर 59 रनों की शानदार अर्धशतकीय पारी खेली, जिसमें पांच चौके और दो आकर्षक छक्के शामिल थे.
इससे पहले, टॉस जीतकर बल्लेबाजी करने उतरी हैदराबाद की टीम 19 ओवर में 165 रनों पर सिमट गई. ट्रैविस हेड ने तूफानी अंदाज में 28 गेंदों पर 61 रन बनाए, जिसमें 9 चौके और 3 छक्के शामिल थे. हालांकि, हेड और ईशान किशन (42) के आउट होते ही एसआरएच की पारी पूरी तरह चरमरा गई. हैदराबाद ने अपने आखिरी 8 विकेट महज 60 रन जोड़कर गंवा दिए. टीम के पांच खिलाड़ी तो दहाई का आंकड़ा भी नहीं छू सके.
केकेआर के गेंदबाजों ने बीच के ओवरों में बेहतरीन अनुशासन दिखाया. वरुण चक्रवर्ती सबसे सफल गेंदबाज रहे, जिन्होंने तीन महत्वपूर्ण विकेट चटकाकर हैदराबाद की कमर तोड़ दी. उनके अलावा सुनील नरेन और कार्तिक त्यागी ने दो-दो विकेट लेकर विपक्षी टीम को बड़े स्कोर तक पहुंचने से रोक दिया. वैभव अरोड़ा, कैमरून ग्रीन और अनुकूल रॉय के खाते में भी एक-एक सफलता आई.
इस जीत के बाद केकेआर के 9 मैचों में सात अंक हो गए हैं और वह तालिका में ऊपर की ओर बढ़ रही है. वहीं, एसआरएच के 10 मैचों में 12 अंक हैं. केकेआर के लिए यह लगातार तीसरी जीत है, जो उन्हें टूर्नामेंट के अंतिम चरण में मानसिक बढ़त प्रदान करेगी. रहाणे की कप्तानी में टीम का संतुलन अब पहले से कहीं बेहतर नजर आ रहा है.