आईपीएल 2026 के रोमांचक मुकाबले में रविवार को पंजाब किंग्स और गुजरात टाइटन्स का आमना-सामना हो रहा है. मैच में शुरू से पंजाब की हालत बहुत खराब थी. सिर्फ 36 रन पर आधी टीम पवेलियन लौट गई. इस समय एक जादू हुआ और एक 23 साल के युवा अनकैप्ड बल्लेबाज सूर्यवंश शेडगे ने अपनी पारी से मैच को पूरी तरह बदल दिया. सूर्यवंश ने गुजरात के खतरनाक गेंदबाजों की जमकर धुनाई की. इसके चलते 36 पर पांच विकेट खोने वाली पंजाब ने 169 पर 9 विकेट खोकर बड़ा स्कोर हासिल कर लिया.
मैच में पंजाब किंग्स की टीम 36 रन पर चार विकेट गंवाकर संघर्ष कर रही थी. उसी समय सूर्यवंश शेडगे ने मैदान पर कदम रखा. क्रीज पर आते ही गुजरात टाइटन्स के गेंदबाजों पर जोरदार धावा बोल दिया. उनकी इस पारी का सबसे खास पल 14वां ओवर रहा. उन्होंने स्पिनर मानव सुथार की गेंदों पर 26 रन ठोके. इस ओवर में उनके बल्ले से तीन शानदार छक्के और दो चौके निकले. शेडगे ने सिर्फ 24 गेंदों में अपना अर्धशतक पूरा किया और अंत में 29 गेंदों पर 57 रनों की टीम के लिए सबसे बड़ी पारी खेली.
मुंबई में 29 जनवरी 2003 को जन्मे सूर्यवंश शेडगे मुख्य रूप से एक बेहतरीन बैटिंग ऑलराउंडर हैं. वह मध्यम गति की तेज गेंदबाजी भी बहुत अच्छी तरह से कर लेते हैं. उनके इस शानदार क्रिकेट सफर के पीछे उनकी मां का बहुत बड़ा हाथ छिपा है. सूर्यवंश सिर्फ नौ साल के थे, तभी उनकी मां ने उनकी प्रतिभा को पहचान लिया था. उन्होंने अपने बेटे को एक क्रिकेट अकादमी में भेजा और उसके लिए अपनी नौकरी तक छोड़ दी. वह दिग्गज विराट कोहली, हार्दिक पांड्या और बेन स्टोक्स को अपना आदर्श मानते हैं.
मुंबई में बड़े नामों के बीच शेडगे ने अपनी एक बिल्कुल अलग पहचान बनाई थी. जाइल्स शील्ड अंडर-14 इंटर-स्कूल टूर्नामेंट में 137 गेंदों का सामना करते हुए नाबाद 326 रनों की एक ऐतिहासिक पारी खेली. इसके बाद उन्होंने मुंबई की अंडर-19 टीम की कप्तानी भी की. हालांकि वह भारतीय अंडर-19 विश्व कप टीम में शामिल होने से चूक गए थे. करियर के शुरुआती दौर में उन्हें केकेआर के मुख्य कोच अभिषेक नायर ने ट्रेनिंग दी थी, जो रोहित शर्मा और केएल राहुल के साथ भी काम कर चुके हैं.
आईपीएल 2025 की मेगा नीलामी में पंजाब किंग्स ने शेडगे को 30 लाख रुपये में खरीदा था. इससे पहले आईपीएल 2023 में लखनऊ फ्रेंचाइजी ने उन्हें चोटिल जयदेव उनादकट की जगह जोड़ा था. वहां उन्हें खेलने का मौका नहीं मिला था. पंजाब के लिए यह दांव बहुत फायदेमंद साबित हुआ. शेडगे ने मुंबई को सैयद मुश्ताक अली ट्रॉफी 2024-25 जिताने में अहम भूमिका निभाई थी. वहां उन्होंने बेहतरीन फिनिशर के तौर पर 251.92 के खतरनाक स्ट्राइक रेट से 131 रन बनाए और नौ पारियों में छह बार नाबाद रहे.