कोलकाता के सॉल्ट लेक स्टेडियम में 13 दिसंबर 2025 को एक यादगार लेकिन अफसोसजनक घटना हुई. दुनिया के महान फुटबॉलर लियोनल मेसी भारत के तीन दिनों दौरे पर आए हैं.
हजारों प्रशंसकों ने महंगे टिकट खरीदकर उन्हें देखने की उम्मीद लगाई थी लेकिन आयोजन में गड़बड़ी के कारण सब कुछ बिगड़ गया. मेसी सिर्फ 20-25 मिनट ही मैदान पर रुके और नाराज होकर चले गए.
मेसी जब स्टेडियम में आए तो सब कुछ अच्छा चल रहा था. वे मुस्कुराते हुए खिलाड़ियों से मिले, हाथ मिलाया और ऑटोग्राफ भी दिए. मोहन बागान और डायमंड हार्बर की टीमों के बीच एग्जिबिशन मैच हुआ था. पूर्व भारतीय फुटबॉलर ललकमल भौमिक उस मैच में खेल रहे थे. उन्होंने बताया कि शुरू में मेसी काफी खुश नजर आ रहे थे.
जैसे ही मैदान पर ज्यादा लोग आने लगे, हालात बदल गए. कई नेता, अधिकारी और सुरक्षाकर्मी मेसी के आसपास घेरा बनाकर फोटो खिंचवाने लगे. सैकड़ों लोग मैदान पर पहुंच गए. मेसी को असुविधा होने लगी.
ललकमल भौमिक के अनुसार मेसी का चेहरा बदल गया. वे चिड़चिड़े हो गए और गुस्सा दिखाने लगे. उनकी सिक्योरिटी टीम भी नाराज थी. मेसी के साथ आए लुइस सुआरेज और रोद्रिगो डे पॉल भी परेशान हो गए.
भीड़ के कारण प्रशंसक दूर से भी मेसी को ठीक से नहीं देख पाए. इससे स्टेडियम में हंगामा हो गया. लोग कुर्सियां फेंकने लगे और नाराजगी जताने लगे. मेसी की टीम ने सुरक्षा को देखते हुए उन्हें जल्दी बाहर निकाल लिया. भौमिक ने कहा कि आयोजन की खराब व्यवस्था से मेसी काफी नाराज हो गए थे.
कोलकाता में बवाल मचने के बाद मेसी हैदराबाद पहुंचे. यहां पर भी उनके लिए कार्यक्रम रखा गया था और हजारों की संख्या में फैंस जुटे थे. इस दौरान स्टेडियम में तेलंगाना के मुख्यमंत्री रेवंत रेड्डी भी मौजूद थे और उनके साथ फुटबॉल भी खेला.
मेसी अपने दौरे के दूसरे दिन मुंबई पहुंचेंगे, जहां पर उनका वानखेड़े स्टेडियम में कार्यक्रम रखा गया है. यहां पर मेसी से सुनील छेत्री, रोहित शर्मा, सचिन तेंदुलकर और एमएस धोनी के मिलने की उम्मीद है. इसके अलावा तीसरे दिन वे दिल्ली आएंगे और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से मुलाकात करेंगें.