बचपन की दोस्त की गुगली में क्लीन बोल्ड हुए कुलदीप यादव, इस दिन मसूरी में करने जा रहे शादी

कुलदीप के कोच और पारिवारिक मित्र कपिल देव पांडेय के अनुसार, परिवार और मेहमान 12 मार्च तक मसूरी पहुंच जाएंगे और अगले दिन से प्री-वेडिंग कार्यक्रम शुरू होंगे.

Anuj

नई दिल्ली: टी20 वर्ल्ड कप जीतने के बाद अब भारतीय टीम के स्टार स्पिनर कुलदीप यादव अपनी निजी जिंदगी की नई शुरुआत करने जा रहे हैं. भारतीय टीम के चाइनामैन गेंदबाज की शादी 14 मार्च 2026 को उनकी बचपन की दोस्त वंशिका सिंह के साथ होने जा रही है. यह शादी उत्तराखंड के प्रसिद्ध हिल स्टेशन मसूरी में एक निजी रिसॉर्ट में आयोजित की जाएगी.

जानकारी के अनुसार, शादी का समारोह परिवार और करीबी दोस्तों की मौजूदगी में सादगी से किया जाएगा. कुलदीप यादव के पिता राम सिंह यादव ने हाल ही में CM योगी से मुलाकात कर उन्हें इस समारोह का निमंत्रण भी दिया है.

14 मार्च को होगी शादी

शादी से पहले 13 मार्च को हल्दी और मेहंदी की रस्में पारंपरिक तरीके से निभाई जाएंगी. कुलदीप के कोच और पारिवारिक मित्र कपिल देव पांडेय के अनुसार, परिवार और मेहमान 12 मार्च तक मसूरी पहुंच जाएंगे और अगले दिन से प्री-वेडिंग कार्यक्रम शुरू होंगे.

मुख्य विवाह समारोह 14 मार्च को होगा. शादी के बाद 17 मार्च को लखनऊ के एक होटल में भव्य रिसेप्शन पार्टी आयोजित की जाएगी. इस कार्यक्रम में क्रिकेट जगत के कई बड़े खिलाड़ी, बॉलीवुड की हस्तियां और उत्तर प्रदेश के कई प्रमुख नेता शामिल हो सकते हैं.

प्यार में बदली बचपन की दोस्ती

कुलदीप यादव और वंशिका सिंह दोनों मूल रूप से कानपुर के रहने वाले हैं. बताया जाता है कि दोनों के घरों के बीच केवल कुछ किलोमीटर की दूरी है और बचपन से ही दोनों एक-दूसरे को जानते हैं. समय के साथ उनकी दोस्ती प्यार में बदल गई.

वंशिका सिंह कानपुर के श्याम नगर इलाके की निवासी हैं. उनके पिता योगेंद्र सिंह चड्ढा एलआईसी में कार्यरत हैं, जबकि वंशिका इस समय ऑस्ट्रेलिया में नौकरी कर रही हैं. दोनों ने 4 जून 2025 को लखनऊ में सगाई की थी, जिसमें कई करीबी लोग मौजूद रहे थे.

नई पारी की शुरूआत करेंगे कुलदीप यादव

पहले शादी नवंबर 2025 में करने की योजना थी, लेकिन टी20 वर्ल्ड कप 2026 की तैयारियों के कारण तारीख आगे बढ़ा दी गई. अब विश्व कप जीत के बाद कुलदीप अपने जीवन की नई शुरुआत करने जा रहे हैं. हाल ही में खेले गए ICC T20 World Cup 2026 में कुलदीप यादव भारतीय टीम का हिस्सा थे. हालांकि, उन्हें पूरे टूर्नामेंट में सिर्फ एक मैच खेलने का मौका मिला, जो पाकिस्तान के खिलाफ था. उस मुकाबले में उन्होंने किफायती गेंदबाजी करते हुए एक विकेट हासिल किया था.