फुटबॉल के प्रति केरल के लोगों का जुनून एक बार फिर देखने को मिल रहा है. केरल में फुटबॉल के लिए लोगों के पागलपन कि इससे ही समझ सकते हैं कि फीफा वर्ल्ड कप फाइनल के लिए राज्य सरकार ने सोमवार को सभी स्कूल, कॉलेज और अन्य शिक्षण संस्थान बंद रखने का फैसला किया है. अर्जेंटीना और स्पेन के बीच होने वाला खिताबी मुकाबला भारतीय समयानुसार देर रात खेला जाएगा. सरकार का मानना है कि छात्रों की सुविधा और सुरक्षा को देखते हुए यह फैसला जरूरी है.
मुख्यमंत्री वी.डी. सतीशान के निर्देश पर राज्य के सभी सरकारी और निजी शिक्षण संस्थानों में अवकाश घोषित किया गया है. इस फैसले में व्यावसायिक कॉलेज भी शामिल हैं. सरकार जल्द ही इस संबंध में आधिकारिक आदेश जारी करेगी. हालांकि पहले से निर्धारित परीक्षाओं के कार्यक्रम में कोई बदलाव नहीं किया गया है.
Kerala Government has declared a holiday for all schools and colleges tomorrow because of the FIFA World Cup final. 🫡 pic.twitter.com/Wl77s2fevu
— Johns. (@CricCrazyJohns) July 19, 2026
इस निर्णय से पहले विपक्षी दलों और कई सामाजिक संगठनों ने छात्रों को छुट्टी देने की मांग की थी. उनका कहना था कि विश्व कप फाइनल देर रात समाप्त होगा. ऐसे में छात्रों के लिए अगली सुबह समय पर स्कूल और कॉलेज पहुंचना कठिन हो सकता है. सरकार ने इन सुझावों पर विचार करने के बाद अवकाश का निर्णय लिया.
राज्य सरकार ने स्पष्ट किया है कि केवल नियमित कक्षाएं बंद रहेंगी. जिन परीक्षाओं की तारीख पहले से तय है, वे अपने निर्धारित समय पर ही आयोजित की जाएंगी. इससे शैक्षणिक गतिविधियां भी प्रभावित नहीं होंगी और छात्रों को विश्व कप फाइनल देखने का अवसर भी मिलेगा.
फीफा विश्व कप 2026 के फाइनल में मौजूदा चैंपियन अर्जेंटीना का सामना यूरोपीय ताकत स्पेन से होगा. इस बड़े मुकाबले को लेकर केरल में भी जबरदस्त उत्साह है. फुटबॉल प्रेमी पूरी रात मैच देखने की तैयारी कर रहे हैं. इसी उत्साह को देखते हुए सरकार ने छात्रों को राहत देने का फैसला लिया है.