menu-icon
India Daily

पाकिस्तानी खिलाड़ी अबरार अहमद को खरीदते ही घिरी काव्या मारन, सनराइजर्स लीड्स का एक्स अकाउंट भी हुआ सस्पेंड

द हंड्रेड लीग के ऑक्शन में सनराइजर्स लीड्स ने पाकिस्तानी स्पिनर अबरार अहमद को खरीदा. इसके बाद सोशल मीडिया पर टीम की आलोचना शुरू हो गई और टीम का एक्स अकाउंट भी सस्पेंड हो गया.

Km Jaya
Edited By: Km Jaya
पाकिस्तानी खिलाड़ी अबरार अहमद को खरीदते ही घिरी काव्या मारन, सनराइजर्स लीड्स का एक्स अकाउंट भी हुआ सस्पेंड
Courtesy: @saikirankannan x account

नई दिल्ली: सनराइजर्स लीड्स ने 'द हंड्रेड' ऑक्शन के दौरान पाकिस्तानी लेग-स्पिनर अबरार अहमद को खरीदा. फ्रेंचाइजी ने उन्हें करीब 2.34 करोड़ की कीमत पर अपनी टीम में शामिल किया. वह इस लीग में किसी भारतीय मालिकाना हक वाली फ्रेंचाइजी द्वारा साइन किए जाने वाले पहले खिलाड़ी बन गए. नतीजतन एक पाकिस्तानी खिलाड़ी को साइन करने के लिए सनराइजर्स को सोशल मीडिया पर काफी विरोध का सामना करना पड़ रहा है. काव्या मारन इस टीम की मालकिन हैं.

सनराइजर्स लीड्स का 'X' पर मौजूद सोशल मीडिया अकाउंट सस्पेंड कर दिया गया है. हालांकि इस सस्पेंशन का खास कारण अभी तक सामने नहीं आया है. जब 'X' पर अकाउंट खोलने की कोशिश की जाती है, तो अकाउंट सस्पेंड का नोटिफिकेशन दिखाई देता है. इस मामले पर न तो 'X' और न ही फ्रेंचाइजी ने अब तक कोई आधिकारिक बयान जारी किया है.

अबरार को साइन करने पर फ्रेंचाइजी ने क्या कहा?

सनराइजर्स लीड्स ने ऑक्शन में अबरार अहमद को खरीदने के अपने फैसले पर एक बयान जारी किया है. टीम के हेड कोच डेनियल विटोरी ने कहा, 'उनके पास काफी विविधता है और इंग्लैंड के घरेलू खिलाड़ियों ने पहले कभी उनका सामना नहीं किया है. हम ऑक्शन में उन सभी खिलाड़ियों पर बोली लगाने की तैयारी के साथ उतरे थे जो हमारे लिए उपलब्ध थे. जैसे ही यह विकल्प उपलब्ध हुआ और जबकि कई बेहतरीन अंतरराष्ट्रीय स्पिनर संभावित विकल्पों के तौर पर मौजूद थे अबरार हमारी पहली पसंद बने रहे.'

अबरार अहमद का रिकॉर्ड क्या है?

27 वर्षीय अबरार अहमद ने पाकिस्तान के लिए 38 T20 अंतरराष्ट्रीय मैच खेले हैं. उनके नाम 52 विकेट दर्ज हैं. अपने पूरे करियर के दौरान उन्होंने 6.67 की इकॉनमी रेट से रन दिए हैं. अपने कुल T20 क्रिकेट करियर में, उन्होंने 84 मैचों में 109 विकेट लिए हैं.

'द हंड्रेड' ऑक्शन की लिस्ट में कुल 13 पाकिस्तानी खिलाड़ियों को शामिल किया गया था. उनमें से केवल दो खिलाड़ियों पर ही बोली लगाई गई. अबरार अहमद के अलावा, मिस्ट्री स्पिनर उस्मान तारिक के लिए भी बोलियां लगाई गईं. उन्हें बर्मिंघम फीनिक्स ने खरीदा. इस फ्रेंचाइजी का भारत से कोई संबंध नहीं है. शाहीन अफरीदी पहले ही अपना नाम वापस ले चुके थे.