Rishabh Pant Kuldeep Yadav Trade: आईपीएल सीजन खत्म हुए महीना भी नहीं बीता और ट्रेड बाजार गरमा गया है. दिल्ली कैपिटल्स ने ऋषभ पंत को वापस लाने के लिए लखनऊ सुपर जाइंट्स के साथ बड़ी प्लेयर स्वैप डील की तैयारी कर ली है, जिसमें कुलदीप यादव का नाम भी जुड़ा है.
दिल्ली कैपिटल्स की फ्रेंचाइजी में बड़ा बदलाव होने जा रहा है, अगले दो साल के लिए पार्थ जिंदल की अगुवाई वाला जेएसडब्ल्यू ग्रुप टीम की कमान संभालेगा. जिंदल लंबे समय से ऋषभ पंत के खेल और उनकी कप्तानी क्षमता के बड़े समर्थक रहे हैं. साल 2025 की मेगा नीलामी से पहले जब पुराने मैनेजमेंट से मतभेद के चलते पंत को टीम से रिलीज किया गया था, तब भी जिंदल उनकी वापसी के पक्ष में थे. अब कमान मिलते ही उन्होंने पंत को दोबारा टीम में लाने की कोशिशें तेज कर दी हैं, जो उनके लिए घर वापसी जैसा पल होगा.
इस डील को पूरा करने के लिए दिल्ली कैपिटल्स अपने स्टार स्पिनर कुलदीप यादव को लखनऊ भेजेगी, जो उत्तर प्रदेश के घरेलू खिलाड़ी होने के नाते उनके लिए भी घर वापसी मानी जाएगी. हालांकि सबसे बड़ी अड़चन पंत की 27 करोड़ रुपये की भारी सैलरी थी. इस गतिरोध को दूर करने के लिए पंत ने बड़ा फैसला लेते हुए सैलरी में भारी कटौती के लिए हामी भर दी. अब वे करीब 15 करोड़ रुपये में दिल्ली के लिए खेलेंगे, सीधे 12 करोड़ का नुकसान सहेंगे, जबकि कुलदीप की सैलरी 13.25 करोड़ रुपये पर पहले जैसी ही रहेगी.
लखनऊ सुपर जाइंट्स में पंत की कप्तानी के दौरान टीम का प्रदर्शन लगातार दो सीजन तक बेहद कमजोर रहा, और इस साल टीम अंक तालिका में सबसे नीचे रही. इसी खराब प्रदर्शन के चलते मैनेजमेंट को लगा कि अब फ्रेंचाइजी को नई दिशा और नए नेतृत्व की जरूरत है. सीजन खत्म होने से पहले ही पंत और टीम के बीच कप्तानी छोड़ने पर सहमति बन गई थी, जिसके बाद उनकी विदाई लगभग तय मानी जा रही थी और अब वे अपनी पुरानी टीम दिल्ली कैपिटल्स की तरफ लौट रहे हैं.