IPL 2026 West Bengal Assembly Election 2026 Assembly Election 2026

IPL 2025, RR vs MI: मुंबई के खिलाफ वापसी करेंगे संजू सैमसन! मुकाबले से पहले चोट पर ताजा अपडेट आई सामने

IPL 2025, RR vs MI: मुंबई के खिलाफ मुकाबले से पहले राजस्थान के कप्तान संजू सैमसन की चोट को लेकर ताजा अपडेट सामने आई है. कोच राहुल द्रविड़ का कहना है कि मेडिकल टीम इस पर फैसला करेगी.

Social Media
Praveen Kumar Mishra

IPL 2025, RR vs MI: आईपीएल 2025 में राजस्थान रॉयल्स (RR) और मुंबई इंडियंस (MI) के बीच जयपुर के सवाई मानसिंह स्टेडियम में होने वाले हाई-वोल्टेज मुकाबले से पहले सभी की नजरें राजस्थान के कप्तान संजू सैमसन की फिटनेस पर टिकी हैं. सैमसन साइड स्ट्रेन की चोट के कारण पिछले कुछ मैचों से बाहर हैं. राजस्थान के हेड कोच राहुल द्रविड़ ने मुकाबले से पहले संजू की चोट पर ताजा अपडेट दिया है. 

मुंबई इंडियंस के खिलाफ अहम मुकाबले से पहले राहुल द्रविड़ ने प्रेस कॉन्फ्रेंस में संजू सैमसन की फिटनेस पर बात की. उन्होंने साफ किया कि टीम अपने कप्तान की रिकवरी के साथ कोई जल्दबाजी नहीं करेगी. उनका कहना है कि संजू जब पूरी तरह से फिट हो जाएंगे, तो उसके बाद ही खेलते हुए दिखाई देंगे.

राहुल द्रविड़ ने संजू सैमसन की चोट पर दी अपडेट

द्रविड़ ने कहा, “संजू की रिकवरी अच्छी हो रही है, लेकिन हमें दिन-प्रतिदिन उनकी स्थिति देखनी होगी. साइड स्ट्रेन जैसी चोट थोड़ी जटिल हो सकती है और हम नहीं चाहते कि उनकी लंबे समय की फिटनेस को नुकसान पहुंचे. हमारी मेडिकल टीम उनकी स्थिति पर नजर रखे हुए है और हर दिन हमें उनकी उपलब्धता की जानकारी मिल रही है.”

संजू को यह चोट दिल्ली कैपिटल्स के खिलाफ एक तनावपूर्ण मैच के दौरान लगी थी. इसके बाद उन्हें बीच मैच में मैदान छोड़ना पड़ा, और वे लखनऊ सुपर जायंट्स, रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु और गुजरात टाइटंस के खिलाफ मुकाबले नहीं खेल पाए. द्रविड़ ने भरोसा जताया कि संजू की देखभाल अच्छी तरह हो रही है लेकिन मुंबई के खिलाफ उनकी वापसी की पुष्टि अभी नहीं हुई है.

संजू की अनुपस्थिति में रियान पराग संभाल रहे कमान

संजू सैमसन की गैरमौजूदगी में युवा बल्लेबाज रियान पराग ने राजस्थान रॉयल्स की कप्तानी संभाली है. हाल ही में गुजरात टाइटंस के खिलाफ 8 विकेट की शानदार जीत में रियान की कप्तानी और 14 साल के वैभव सूर्यवंशी के ऐतिहासिक शतक ने टीम का मनोबल बढ़ाया है. इस जीत ने राजस्थान की 5 मैचों की हार की स्ट्रीक को तोड़ा, लेकिन संजू की वापसी के बिना टीम को प्लेऑफ की राह में कठिन चुनौती का सामना करना पड़ रहा है.