भारत में एक ही खेल का दबदबा है, उसका नाम है क्रिकेट. क्रिकेट के लिए लोग इतना पागल हैं कि देश में कई खेल पीछे छूटते दिखाई देते हैं. आज भारत ने एक ऐसे खेल में इतिहास रचा है, जिसे देख पूरा विश्व तालियां पीट रहा हैं. वॉलीबॉल एक ऐसा खेल जो भारत के हर पार्क में खेला जाता है. अगर कोई इंसान खेल का चहिता है, तो उसे पता होगा कि भारतीय युवाओं में वॉलीबॉल का क्रेज नेक्स्ट लेवल का है. यह एक ऐसा खेल है, जो देश में हमेशा से बहुत अंडररेटेड रहा है. अब ऐसा नहीं, भारत के जाबाज युवओं ने कुछ ऐसा कर दिखाया, जिसने इस खेल को ग्लोबल मंच पर ला दिया है. आइए जानते हैं इन खिलाड़ियों की शोर्य गाथा.
अहमदाबाद के हॉल में भारत का आखिरी पॉइंट हुआ और स्कोरबोर्ड पर 30-28 चमका. उसके बाद जो शोर उठा वह सिर्फ तालियों की गड़गड़ाहट नहीं था, वह तेरह साल की प्रतीक्षा का एक साथ टूटना था. भारतीय पुरुष वॉलीबॉल टीम ने AVC मेन्स वॉलीबॉल कप 2026 में ऑस्ट्रेलिया को 26-24, 25-14, 30-28 से पस्त करते हुए सेमीफाइनल में जगह बनाई. पांच मैच, पांच जीत और पूरे ग्रुप स्टेज में सिर्फ एक सेट गंवाना, यह कोई संयोग नहीं बल्कि एक भूखी टीम का बयान है.
ऑस्ट्रेलिया ने शुरू से ही जता दिया कि वे आसानी से हार मानने वाले नहीं. पहला सेट बिल्कुल वैसा ही रहा, जैसे दो बराबर के पहलवानों की कुश्ती होती है, एक-एक अंक के लिए जान लड़ाई गई. जब दबाव सबसे ज्यादा था, तब भारत ने जो धैर्य दिखाया वह अनुभवी टीमों को भी सोचने पर मजबूर कर दे. अनुशासित सर्विस, दीवार जैसी ब्लॉकिंग और सटीक अटैक के दम पर भारत ने 26-24 से सेट जीता. उस एक सेट की जीत ने पूरे माहौल को बदल दिया, मानो पूरी टीम को पंख लग गए हों.
अगर पहला सेट संघर्ष की कहानी थी, तो दूसरा सेट भारत की ताकत का जश्न था. टीम ने जो वॉलीबॉल खेली वह शायद इस पूरे टूर्नामेंट का सबसे शानदार खेल था. अटैकिंग कॉम्बिनेशन इतने धारदार थे कि ऑस्ट्रेलिया के डिफेंडर बस देखते रह गए. हर रैली में भारत की पकड़ मजबूत होती गई और ऑस्ट्रेलिया टूटता गया. 25-14 का स्कोर बताता है कि उस दौर में नेट के दोनों तरफ की टीमें कितनी अलग-अलग दुनिया में थीं.
लग रहा था कि भारत आसानी से समेट लेगा, तब ऑस्ट्रेलिया ने वह किया जो चैंपियन टीमें करती हैं, उन्होंने वापसी की. तीसरे सेट में हर अंक एक लड़ाई था और बढ़त बार-बार पलटती रही. यह वही पल था जब असली चरित्र सामने आता है और भारत ने घबराहट को नजदीक भी नहीं आने दिया. 30-28 से सेट जीतकर उन्होंने न सिर्फ मैच जीता, उन्होंने यह भी साबित किया कि मुश्किल वक्त में भी वे बिखरते नहीं.
यह जीत सिर्फ एक मैच का नतीजा नहीं है. 2013 के बाद पहली बार ऑस्ट्रेलिया को हराना अपने आप में एक युग का बदलाव है. टूर्नामेंट से पहले विश्व रैंकिंग में करीब साठवें नंबर पर खड़ी यह टीम अब लाइव रैंकिंग में बयालीसवें पायदान के करीब पहुंच चुकी है. यह टीम अब सिर्फ हिस्सा लेने नहीं आती, यह खिताब जीतने की भूख लेकर आती है. सेमीफाइनल में जो भी टीम सामने होगी, वह जानती होगी कि उनका सामना किसी तूफान से है.