menu-icon
India Daily

IND-W vs BAN-W: शेफाली वर्मा की फिफ्टी और राधा का कहर, बांग्लादेश को रौंदकर सेमीफाइनल की दहलीज पर भारत;

भारत महिला टीम ने महिला टी20 विश्व कप 2026 में बांग्लादेश को 5 विकेट से हराकर अपनी तीसरी जीत दर्ज की.

Ashutosh
Edited By: Ashutosh Rai
IND-W vs BAN-W: शेफाली वर्मा की फिफ्टी और राधा का कहर, बांग्लादेश को रौंदकर सेमीफाइनल की दहलीज पर भारत;
Courtesy: X

मैनचेस्टर में खेले गए महिला टी20 विश्व कप 2026 के अहम मुकाबले में भारतीय टीम ने शानदार प्रदर्शन करते हुए बांग्लादेश को 5 विकेट से हरा दिया. इस जीत के साथ भारत ने सेमीफाइनल की दौड़ में अपनी स्थिति मजबूत कर ली है और अब उसकी नजर ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ होने वाले अगले मुकाबले पर है.

शेफाली ने दिलाई मजबूत शुरुआत

137 रन के लक्ष्य का पीछा करने उतरी भारतीय टीम को स्मृति मंधाना और शेफाली वर्मा ने तेज शुरुआत दी. हालांकि मंधाना जल्दी आउट हो गई लेकिन शेफाली ने आक्रामक बल्लेबाजी जारी रखी. उन्होंने सिर्फ 34 गेंदों में 53 रन बनाकर टीम को मजबूत स्थिति में पहुंचा दिया. यास्तिका भाटिया ने भी 23 रन का उपयोगी योगदान दिया. बाद में जेमिमा रोड्रिग्स ने 15 गेंदों में 26 रन की तेज पारी खेलकर मैच को भारत की ओर मोड़ दिया. कप्तान हरमनप्रीत कौर अंत तक नाबाद रहीं और टीम को जीत तक पहुंचाया. भारत ने 19 गेंद शेष रहते मुकाबला अपने नाम कर लिया.

राधा यादव ने गेंदबाजी में दिखाया दम

इससे पहले बांग्लादेश ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी का फैसला किया था. भारतीय गेंदबाजों ने शुरुआत से ही दबाव बनाए रखा. रेणुका ठाकुर ने शुरुआती सफलता दिलाई. वहीं राधा यादव ने सबसे प्रभावी प्रदर्शन करते हुए तीन विकेट अपने नाम किए. बांग्लादेश की ओर से जुयैरिया फिरदौस ने सबसे अधिक 33 रन बनाए लेकिन भारतीय गेंदबाजों ने उन्हें बड़ी पारी खेलने का मौका नहीं दिया. अंतिम ओवर में श्री चरणी ने कसी हुई गेंदबाजी करते हुए दो विकेट झटके और सिर्फ तीन रन दिए. बांग्लादेश की टीम 20 ओवर में 8 विकेट पर 136 रन ही बना सकी.

सेमीफाइनल की उम्मीदें हुईं मजबूत

भारत की यह टूर्नामेंट में तीसरी जीत है, जिसने टीम की सेमीफाइनल की उम्मीदों को और मजबूत कर दिया है. अब भारतीय टीम का अगला मुकाबला ऑस्ट्रेलिया से होगा. अगर भारत यह मैच जीतने में सफल रहता है तो सीधे अंतिम चार में जगह बना सकता है. हालांकि हार की स्थिति में टीम को दूसरे मैचों के नतीजों का इंतजार करना पड़ सकता है. फिलहाल भारतीय टीम का आत्मविश्वास ऊंचा है और खिलाड़ियों का प्रदर्शन भी संतुलित नजर आ रहा है.