Abhishek Sharma Birthday: भारतीय बल्लेबाज अभिषेक शर्मा 4 सितंबर को 26 साल के हो गए. उनके जन्मदिन पर मेंटर युवराज सिंह ने सोशल मीडिया पर एक मजेदार वीडियो पोस्ट कर उन्हें शुभकामनाएं दी. वीडियो में दोनों के बीच गुरु-शिष्य की खास बॉन्डिंग नजर आई. युवराज ने अभिषेक की मेहनत और उनके बदलाव की भी तारीफ की.
वीडियो में युवराज सिंह मजाकिया अंदाज में अभिषेक से कहते हैं, ‘बोलो, मैं पहली बॉल पर लप्पा नहीं मारूंगा.’ इसके बाद अभिषेक कान पकड़कर यही बात दोहराते हैं और उठक-बैठक भी लगाते हैं. युवराज ने इस वीडियो के साथ अभिषेक को जन्मदिन की बधाई दी. उन्होंने लिखा कि अभिषेक जिस इंसान के रूप में बदले हैं, उन्हें वह देखकर खुशी होती है. युवी ने उनकी मेहनत, दूसरों की देखभाल और नेतृत्व की भी तारीफ की.
युवराज ने अपने पोस्ट में कहा कि अभिषेक अपनी गलतियों से सीखते हैं और हर बार ज्यादा मेहनत करने के लिए तैयार रहते हैं. उन्होंने भारतीय बल्लेबाज के लिए ढेरों रन और शतक बनाने की शुभकामनाएं दीं. युवराज लंबे समय से अभिषेक के मेंटर हैं और उनके क्रिकेट सफर में अहम भूमिका निभाते रहे हैं. युवी की गाइडेंस में ट्रेनिंग के बाद अभिषेक ने भारतीय टी-20 टीम में अपनी जगह मजबूत की.
युवराज सिंह की मदद से अभिषेक ने टी-20 क्रिकेट में अपनी पहचान बनाई और दुनिया के नंबर-1 बल्लेबाज भी बने. फिलहाल वह ICC टी-20 रैंकिंग में 819 पॉइंट्स के साथ दूसरे नंबर पर हैं. भारत के लिए अभिषेक अब तक 56 टी-20 मैच खेल चुके हैं. इन मैचों में उन्होंने 2 शतक और 11 अर्धशतक की मदद से 1629 रन बनाए हैं. युवराज और अभिषेक का यह गुरु-शिष्य रिश्ता फैंस को भी काफी पसंद आता है.