menu-icon
India Daily

IND vs PAK Women T20 WC 2026: महामुकाबले के लिए तैयार भारत-पाकिस्तान, एडजबेस्टन में होगी कांटे की टक्कर; जानिए कैसा होगा पिच का मिजाज

महिला टी20 विश्व कप 2026 में क्रिकेट प्रेमियों को एक बार फिर भारत और पाकिस्तान के बीच हाई वोल्टेज मुकाबला देखने को मिलेगा. दोनों कट्टर प्रतिद्वंद्वी टीमें 14 जून को बर्मिंघम के प्रतिष्ठित एडजबेस्टन मैदान में आमने सामने होंगी.

Meenu Singh
Edited By: Meenu Singh
IND vs PAK Women T20 WC 2026: महामुकाबले के लिए तैयार भारत-पाकिस्तान, एडजबेस्टन में होगी कांटे की टक्कर; जानिए कैसा होगा पिच का मिजाज
Courtesy: X (@BillyBowden07)

नई दिल्ली: महिला टी20 विश्व कप 2026 में क्रिकेट प्रेमियों को एक बार फिर भारत और पाकिस्तान के बीच हाई वोल्टेज मुकाबला देखने को मिलेगा. दोनों कट्टर प्रतिद्वंद्वी टीमें 14 जून को बर्मिंघम के प्रतिष्ठित एडजबेस्टन मैदान में आमने सामने होंगी. टूर्नामेंट के इस बहुप्रतीक्षित मुकाबले पर दुनिया भर के क्रिकेट प्रशंसकों की नजरें टिकी हुई हैं, क्योंकि दोनों टीमें अपने अभियान की शुरुआत जीत के साथ करना चाहेंगी.

यह मुकाबला दोनों टीमों के लिए टूर्नामेंट का पहला मैच होगा. भारतीय महिला टीम हालिया अभ्यास मुकाबलों में मिले मिले जुले परिणामों के साथ मैदान पर उतरेगी. टीम ने वेस्टइंडीज के खिलाफ जीत दर्ज की थी, लेकिन इंग्लैंड के खिलाफ उसे हार का सामना करना पड़ा. इसके बावजूद भारतीय टीम का आत्मविश्वास बरकरार है और वह पाकिस्तान के खिलाफ सकारात्मक शुरुआत करने के इरादे से उतरेगी.

भारत के पास मजबूत संतुलन

हरमनप्रीत कौर की अगुआई वाली भारतीय टीम बल्लेबाजी और गेंदबाजी दोनों विभागों में मजबूत नजर आती है. स्मृति मंधाना, शेफाली वर्मा, जेमिमा रोड्रिग्स और ऋचा घोष जैसे बल्लेबाज किसी भी गेंदबाजी आक्रमण को चुनौती देने की क्षमता रखते हैं. वहीं दीप्ति शर्मा, रेणुका सिंह और राधा यादव जैसी खिलाड़ी टीम को संतुलन प्रदान करती हैं.

पाकिस्तान के सामने फॉर्म की चुनौती

वहीं, पाकिस्तान महिला टीम हाल के मुकाबलों में संघर्ष करती दिखाई दी है. टीम अपने पिछले छह मैचों में जीत हासिल नहीं कर सकी है, जबकि कुछ मुकाबले बारिश के कारण रद्द भी हुए. कप्तान फातिमा सना के नेतृत्व में पाकिस्तान की कोशिश भारत के खिलाफ जीत दर्ज कर आत्मविश्वास हासिल करने की होगी.

एडजबेस्टन की पिच का मिजाज

एडजबेस्टन की पिच को आमतौर पर संतुलित माना जाता है. यहां तेज गेंदबाजों को शुरुआती ओवरों में अतिरिक्त मदद मिलने की संभावना रहती है, जबकि मैच आगे बढ़ने पर स्पिनर भी प्रभाव छोड़ सकते हैं. बल्लेबाजों को नई गेंद के खिलाफ सतर्क रहना होगा. ऐसे में टॉस जीतने वाली टीम पहले गेंदबाजी का फैसला कर सकती है.

बर्मिंघम मौसम रिपोर्ट

AccuWeather के अनुसार, मैच के समय आसमान में बादल छाए रहेंगे, लेकिन बारिश नहीं होगी. दिन का तापमान 13 से 19 डिग्री सेल्सियस के बीच रहने की संभावना है और दोनों टीमें बिना किसी बाधा के क्रिकेट मैच खेल सकेंगी.

ग्रुप चरण में अहम मुकाबला

भारत और पाकिस्तान दोनों ग्रुप 1 का हिस्सा हैं, जहां ऑस्ट्रेलिया, दक्षिण अफ्रीका, बांग्लादेश और नीदरलैंड जैसी मजबूत टीमें भी मौजूद हैं. ऐसे में शुरुआती मुकाबले में जीत हासिल करना दोनों टीमों के लिए बेहद अहम होगा. यह मुकाबला न सिर्फ अंक तालिका के लिहाज से अहम है, बल्कि टूर्नामेंट में आगे की राह भी काफी हद तक तय कर सकता है.

IND vs PAK स्क्वाड 

भारतीय महिला टीम: हरमनप्रीत कौर (कप्तान), स्मृति मंधाना , शैफाली वर्मा, जेमिमा रोड्रिग्स , भारती फुलमाली, दीप्ति शर्मा , ऋचा घोष, श्री चरणानी, यास्तिका भाटिया, नंदनी शर्मा, अरुंधति रेड्डी , रेणुका सिंह, क्रांति गौड़, श्रेयंका पाटिल, राधा यादव

पाकिस्तान महिला टीम: फातिमा सना (कप्तान), गुल फारोजा, आयशा जफर, इरम जावेद, एमान फातिमा, आलिया रियाज, नतालिया परवेज, सायरा जबीन, मुनीबा अली, तूबा हसन, रमीन शमीम, सादिया इकबाल, नाशरा संधू, डायना बेग, तस्मिया रुबाब