menu-icon
India Daily

ZIM vs IND: 11 जीत के बावजूद हरारे में डराती हैं 3 हार! जिम्बाब्वे के खिलाफ भारत का कैसा है रिकॉर्ड?

जिम्बाब्वे दौरे पर उतरी भारतीय टीम हरारे स्पोर्ट्स क्लब में तीन मैचों की टी20 सीरीज खेलेगी. आमने-सामने के रिकॉर्ड में भारत मजबूत है, लेकिन इसी मैदान पर मिली तीन हार कप्तान श्रेयस अय्यर की टीम के लिए बड़ी चुनौती मानी जा रही है.

Meenu Singh
Edited By: Meenu Singh
ZIM vs IND: 11 जीत के बावजूद हरारे में डराती हैं 3 हार! जिम्बाब्वे के खिलाफ भारत का कैसा है रिकॉर्ड?
Courtesy: X (@BCCI)

भारत और जिम्बाब्वे के बीच T20 सीरीज की शुरुआत हरारे स्पोर्ट्स क्लब से होने जा रही है. कागजों पर भारतीय टीम का रिकॉर्ड मजबूत जरूर नजर आता है, लेकिन इस मैदान का इतिहास अलग ही कहानी बयां करना है. जिम्बाब्वे ने भारत को T20 प्रारूप में जितनी भी हराया है वह इस मैदान पर हराया है. ऐसे में नई टीम और नए कप्तान श्रेयस अय्यर के सामने अच्छी शुरुआत करने के साथ पुराने रिकॉर्ड को बदलने की भी चुनौती रहेगी.

हरारे का रिकॉर्ड बढ़ा रहा चिंता

भारत और जिम्बाब्वे के बीच अब तक कुल 14 T20 मुकाबले खेले गए हैं, जिनमें भारतीय टीम ने 11 मैच जीते हैं. हालांकि जिम्बाब्वे की तीनों जीत हरारे स्पोर्ट्स क्लब में आई हैं. खास बात यह भी रही कि तीनों मुकाबलों में भारत लक्ष्य का पीछा कर रहा था. यही आंकड़ा भारतीय टीम के लिए चिंता का कारण माना जा रहा है.

हालिया हार के जख्म अब भी ताजा

बता दें  भारत और जिम्बाब्वे के बीच इससे पहले 2024 में टी20 सीरीज खेली गई थी. उस सीरीज को तो भारत ने 4-1 से अपने नाम कर लिया था लेकिन सीरीज में मिली एक हार अभी भारत को सताती है. 6 जुलाई 2024 को हरारे में हुए उस मुकाबले में जिम्बाब्वे ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 115 रन बनाए थे. जवाब में भारतीय टीम 102 रन पर सिमट गई और 13 रन से मुकाबला हार गई. उस समय टीम की कप्तानी शुभमन गिल कर रहे थे. इस हार ने सभी को चौंका दिया था.

पहले भी मिल चुके हैं झटके

हरारे में भारत को 2016 में भी दो रन से हार मिली थी, जब महेंद्र सिंह धोनी टीम की कप्तानी कर रहे थे. इससे पहले 2015 में अजिंक्य रहाणे की कप्तानी में भारतीय टीम 10 रन से मुकाबला हार गई थी. इन तीनों हार ने साबित किया कि हरारे की परिस्थितियां भारत के लिए आसान नहीं रही हैं.

श्रेयस अय्यर पर रहेंगी निगाहें

इस बार भारतीय टीम नए खिलाड़ियों के साथ मैदान में उतरेगी. कप्तान श्रेयस अय्यर के लिए यह सीरीज बेहद अहम मानी जा रही है, क्योंकि हाल के विदेशी दौरों में टीम जीत दर्ज नहीं कर सकी है. वहीं युवा बल्लेबाज वैभव सूर्यवंशी समेत कई खिलाड़ियों के प्रदर्शन पर भी सबकी नजर रहेगी. भारत चाहेगा कि हरारे में इस बार जीत के साथ नया इतिहास लिखा जाए.