IND vs ZIM: भारत ने टी20 क्रिकेट में बनाया नया वर्ल्ड रिकॉर्ड, ये कारनामा करने वाली पहली टीम बनी

भारत ने जिम्बाब्वे के खिलाफ दूसरे टी20 मैच में 219 रन बनाकर नया इतिहास रच दिया.

X
Ashutosh Rai

हरारे में खेले गए दूसरे टी20 मुकाबले में भारत ने सिर्फ जीत ही नहीं दर्ज की, बल्कि रिकॉर्ड बुक में भी नया अध्याय जोड़ दिया. टीम इंडिया ने 219 रन बनाकर एक कैलेंडर ईयर में नौवीं बार 200 से ज्यादा स्कोर बनाया और विश्व क्रिकेट में नया कीर्तिमान अपने नाम कर लिया.

भारत ने बनाया नया वर्ल्ड रिकॉर्ड

भारत ने जिम्बाब्वे के खिलाफ दूसरे टी20 मुकाबले में 219/5 का बड़ा स्कोर खड़ा करते ही इतिहास रच दिया. यह साल 2026 में नौवां मौका है, जब टीम इंडिया ने टी20 इंटरनेशनल में 200 से ज्यादा रन बनाए. इसके साथ भारत ने अपने ही 2024 के रिकॉर्ड की बराबरी कर ली. इससे पहले 2023 में भारतीय टीम सात बार 200 से ऊपर का स्कोर बना चुकी थी. खास बात यह है कि भारत अब दुनिया की पहली टीम बन गई है जिसने तीन अलग-अलग कैलेंडर वर्षों में सात या उससे ज्यादा बार 200 से अधिक रन बनाए हैं. किसी दूसरी टीम ने यह उपलब्धि दो बार भी हासिल नहीं की है.

ईशान और तिलक की साझेदारी बनी जीत की नींव

टॉस हारने के बाद भारत की शुरुआत अच्छी नहीं रही और 29 रन तक दो विकेट गिर गए. इसके बाद कप्तान श्रेयस अय्यर और ईशान किशन ने पारी को संभाला. दोनों के बीच तीसरे विकेट के लिए 66 रन की साझेदारी हुई. अय्यर 20 गेंदों में 25 रन बनाकर आउट हुए. इसके बाद ईशान किशन और तिलक वर्मा ने शानदार बल्लेबाजी करते हुए चौथे विकेट के लिए 94 रन जोड़ दिए. ईशान ने 44 गेंदों में 81 रन बनाए, जिसमें नौ चौके और दो छक्के शामिल रहे. तिलक वर्मा ने भी शानदार अंदाज में खेलते हुए 29 गेंदों पर नाबाद 60 रन बनाए. उनकी पारी में पांच चौके और तीन छक्के शामिल रहे. रिंकू सिंह और शिवम दुबे ने भी अंत में उपयोगी रन जोड़े.


52वीं बार 200 पार

भारत का यह टी20 इंटरनेशनल में 52वां 200 प्लस स्कोर रहा, जो अपने आप में एक विश्व रिकॉर्ड है. इस सूची में दूसरे स्थान पर दक्षिण अफ्रीका है, जिसने 29 बार 200 से ज्यादा रन बनाए हैं. इंग्लैंड, वेस्टइंडीज और ऑस्ट्रिया जैसी टीमें भी इस मामले में भारत से काफी पीछे हैं. जिम्बाब्वे के लिए ब्लेसिंग मुजरबानी, रिचर्ड नगारवा, ब्रैड इवांस, न्यूमैन न्यामहूरी और ब्रायन बेनेट ने एक-एक विकेट लिया लेकिन भारतीय बल्लेबाजों की आक्रामक बल्लेबाजी के सामने उनकी कोशिशें सफल नहीं हो सकीं. इस प्रदर्शन ने एक बार फिर दिखा दिया कि मौजूदा समय में टी20 क्रिकेट में भारत की बल्लेबाजी दुनिया की सबसे मजबूत टीमों में शामिल है.